शहर कोतवाली में बैठे प्रसपा जिलाध्यक्ष अनस सिद्दीकी।
- फोटो : FARRUKHABAD
प्रसपा जिलाध्यक्ष को पकड़ा, मुकदमे की तैयारी
फर्रुखाबाद। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का पुतला फूंकने की तैयारी करते वक्त कोतवाली पुलिस ने प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (प्रसपा) के जिलाध्यक्ष अनस सिद्दीकी को हिरासत में ले लिया। पुलिस मुकदमा लिखने की तैयारी कर रही है।
प्रसपा जिलाध्यक्ष अनस सिद्दीकी ने खटकपुरा मस्जिद में नमाज पढ़ी। इसके बाद पूर्व नियोजित कार्यक्रम के तहत उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यकों के रहनुमा आजम खां ने सपा के लिए सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनके व पत्नी-पुत्र के जेल जाने के बाद सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने न तो कोई आंदोलन किया और न ही उनसे मिलने जेल में गए। आजम के साथ हुए अत्याचार पर जब सपा चुप रह सकती है, तो अल्पसंख्यकों की मदद क्या करेगी।
इसी दौरान किसी ने पुलिस को सूचना दी कि प्रसपा नेता मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पुतला दहन करने वाले हैं। इस पर कोतवाल वेदप्रकाश पांडेय, घुमना चौकी प्रभारी ने फोर्स के साथ छापा मारकर अनस सिद्दीकी को हिरासत में ले लिया। पुतला भी बरामद हो गया। कोतवाली में जिलाध्यक्ष ने बताया कि अखिलेश यादव का पुतला फूंकने की तैयारी थी।
किसी ने मुख्यमंत्री का पुतला फूंकने की सूचना दे दी थी। इसी पर पुलिस ले आई है। कोतवाली में नगर अध्यक्ष चांद खां समेत कई कार्यकर्ता भी पहुंचे। घुमना चौकी प्रभारी शिवशंकर प्रताप तिवारी ने बताया कि धारा 144 लग गई है। इस दौरान कोई भी धरना-प्रदर्शन, पुतला दहन नहीं किया जा सकता है। संबंधित धाराओं में कार्रवाई करने की तैयारी की जा रही है।