नवाबगंज। जिले की सभी गोशालाओं को बेहतर व्यवस्था के लिए ग्राम पंचायतों से संबद्ध किया जाएगा। चरागाह की भूमि पर चारे की बुवाई कराकर प्रधानों को गोशाला की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। इसके लिए डीएम ने रविवार को सितवनपुर पिथू गोशाला में नोडल अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में निर्देश दिए।
मोहम्मदाबाद ब्लाक क्षेत्र के गांव सितवनपुर पिथू स्थित गोशाला का निरीक्षण कर डीएम मानवेंद्र सिंह ने बेहतर प्रबंधन के लिए नोडल अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि सभी गोशालाओं से आसपास की ग्राम पंचायतों को संबद्ध कराकर संबंधित प्रधानों को देखरेख की जिम्मेदारी दी जाए। सभी प्रधान रोस्टर के अनुसार गोशाला का भ्रमण कर व्यवस्थाएं देखेंगे।
उन्होंने गोशाला के गेट पर नोडल अधिकारी, सचिव व ग्राम प्रधान का विजिट रोस्टर पेंट कराने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि गोशाला की बेहतर व्यवस्था के लिए जोड़ी गई ग्राम पंचायतों के प्रधान अपनी ग्राम पंचायतों में श्रेणी-5(चरागाह) की भूमि पर हरा चारा बुवाएंगे। इसके साथ ही गोशाला तक चारा पहुंचाने की जिम्मेेदारी भी ग्राम पंचायतों को दी जाए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी को गोशाला में पानी की हौज काफी गंदा मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई।
सभी नोडल अधिकारियों को नियमित रूप से हौज साफ कराने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि गोशालाओं से जुड़ी ग्राम पंचायतों से दो-दो गोपालक संबद्ध किए जाएं। छुट्टा गोवंश को अभियान चलाकर पकड़वाने के साथ गोशालाओं में शिफ्ट कराने के निर्देश दिए। नोडल अधिकारियों से कहा कि गोशाला का निरीक्षण करने के समय
व्यवस्थाओं का सही आंकलन किया जाए और संबद्ध ग्राम पंचायतों से प्रधानों के सहयोग से रोटी कलेक्शन भी कराया जाए। जिलाधिकारी ने सितवनपुर पिथू गोशला में पौधारोपण कराने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी एम.अरून्मोली, एसडीएम अनिल कुमार, सुनील कुमार यादव, नरेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।