अमृतपुर। तहसील क्षेत्र के गांव रतनपुर रमहौआ में पिछले 10 दिनों से ट्रांसफार्मर फुंका पड़ा है। इससे पूरे गांव की बिजली आपूर्ति ठप है। भीषण गर्मी में बिजली न मिलने से ग्रामीणों को रातें अंधेरे में बितानी पड़ रही हैं। पेयजल संकट भी गहरा गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई शिकायतों के बावजूद ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया।
गांव में करीब 25 से अधिक बिजली कनेक्शन प्रभावित हैं। बिजली न होने से घरों में पंखे और कूलर बंद पड़े हैं। बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी हो रही है। पानी की मोटरें बंद होने से पेयजल की समस्या खड़ी हो गई है। ग्रामीण हिमांशु श्रीवास्तव, चेतराम, रमाकांत और राममन ने विद्युत विभाग के अधिकारियों और क्षेत्रीय विधायक से ट्रांसफार्मर बदलवाने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो ग्रामीण धरना-प्रदर्शन करेंगे। विद्युत विभाग के एसडीओ विनोद शुक्ला ने बताया कि 10 जुलाई को विद्यालय के सुशील शाक्य के माध्यम से ट्रांसफार्मर खराब होने की जानकारी मिली थी। उन्होंने बताया कि नया ट्रांसफार्मर स्टोर से भेज दिया गया है। शाम तक उसे लगाकर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।