जहानगंज में छह दिन से बिजली न मिलने से गुस्साए ग्रामीणों ने जहानगंज पावर
हाउस का घेराव कर फर्रुखाबाद-छिबरामऊ मुख्यमार्ग पर नारेबाजी करते हुए जाम
लगा दिया। एसडीओ के आश्वासन पर करीब डेढ़ घंटे बाद जाम खोला गया। जाम लगने
से भीषण गर्मी में राहगीर परेशान रहे।
मंगलवार सुबह करीब 11 बजे गांव
ताजपुर, रठौरा, अजीजलपुर, जहांगीरपुर, बंथल, कमालपुर, झसी और रठौरा गांव के
सैकड़ों ग्रामीण जहानगंज पावर हाउस पहुंचे। इस पर संविदा कर्मचारी मौके से
भाग गए। इस दौरान ग्रामीणों ने तैनात एसएसओ नरेशचंद्र का घेराव कर लिया।
इसके बाद ग्रामीण पावर हाउस के बाहर आए और फर्रुखाबाद-छिबरामऊ मुख्यमार्ग
पर जाम लगा दिया। जाम लगने से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें
लग गईं। जाम की सूचना पर जहानगंज थाना पुलिस
मौके पर पहुंची। प्रभारी
थानाध्यक्ष मुनेंद्र यादव ने एसडीओ संतोष प्रसाद और जेई राजीव गंगवार को
मौके पर बुलवाया। ग्रामीणों ने कहा कि उनके गांवों में छह दिन से बिजली
आपूर्ति नहीं की जा रही है। जब पावर हाउस पर जानकारी करो तो बताया जाता है
कि ओवरलोड के चलते समस्या आ रही है। वहीं कसबे में भी बमुश्किल तीन घंटे ही
बिजली मिल पा रही है। एसडीओ
ने आश्वासन दिया कि बुधवार से बिजली सप्लाई
चालू करवा दी जाएगी। एसडीओ के आश्वासन पर दोपहर करीब 12.30 बजे ग्रामीणों
ने जाम खोला। जाम लगाने वालों में अनीस, बदरे आलम, फकरूर आलम, चुन्ने,
राहुल कुमार, भूपेंद्र कुमार, मुन्ने, योगेंद्र कुमार, धीरेंद्र, मनीष
कुमार और भूरे आदि मौजूद रहे।