तीन गांवों की तीसरे दिन भी बिजली गुल
फर्रुखाबाद। एचटी के टूटे तार की चपेट में आने से युवक की मौत के बाद से तीन गांवों की बिजली तीसरे दिन भी बंद रही। इससे डेढ़ सौ उपभोक्ता परेशान हैं। इन गांवों को न तो शहरी क्षेत्र से जोड़ा जा रहा है न ग्रामीण क्षेत्र के अधिकारी बिजली चालू करना चाहते हैं। करंट से मरने वाले युवक को मुआवजा देने का शहरी व ग्रामीण खंड में चल रहा विवाद मंगलवार को शांत हो गया। शहरी क्षेत्र से मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
जसमई विद्युत उपकेंद्र से शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों को बिजली दी जाती है। गांव भूपत नगला, कुंवर नगर व उजीन नगला के पास से शहर व ग्रामीण क्षेत्र की विद्युत लाइन निकली है। गांव के लोगों ने तीनों गांव की लाइन शहरी क्षेत्र से जुड़वा ली थी। इन गांवों में करीब 150 घरों में विद्युत कनेक्शन है। जो शहरी की बिजली जलाते है और ग्रामीण टैरिफ के अनुसार बिल भरते हैं। रविवार को 11 केवी का तार टूटकर गिरने से रमन्ना गुलजार बाग निवासी सर्वेश की मौत हो गई थी।
जेई ने गांव की लाइन कटवा दी थी। तार न जोड़े जाने से तीन दिन से तीनों गांव की बिजली गुल है। एक्सईएन शहरी आरबी यादव ने बताया कि मुआवजा देने को जेई ने फार्म भर दिया है। गांव के पास रखा ट्रांसफार्मर चालू कर दिया गया है। ग्रामीण खंड से तीनों गांव की विद्युत लाइन मेंटीनेंस का काम देखा जाता है। वही तार जुड़वाकर गांव की बिजली चालू करे।