कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला आजाद नगर में खेतों की ओर जा रहे ग्रामीण के सिर पर अचानक बिजली का खंभा टूटकर गिर पड़ा। इससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने बरेली-इटावा हाईवे पर जाम लगाकर नारेबाजी की। एसडीएम ने मुआवजे व कार्रवाई का आश्वासन देकर पौने दो घंटे बाद जाम खुलवाया। मामले में एक्सईएन समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
आजाद नगर मोहल्ला निवासी धर्मेंद्र बाथम (40) पुत्र छोटेलाल बाथम खेतों में मजूदरी करके व बटाई पर खेती करके जीविकोपार्जन करता था। बुधवार की सुबह साढ़े छह बजे खेतों की ओर खुर्पी लेकर जा रहा था।
उसने बटाई पर खीरा की फसल बोई है। उसके साथ मोहल्ले का ही रहने वाला मुकेश बाथम जा रहा था। कटी देवी मंदिर के पास अचानक एचटी लाइन का खंभा टूटकर धर्मेंद्र के सिर में लगा। इससे वह वहीं पर लहूलुहान होकर गिर पड़ा। यह देख वहां मौजूद लोगों ने 108 नंबर एंबुलेंस को फोन किया, लेकिन तब तक वह दम तोड़ चुका था।
इस बीच परिजनों व ग्रामीणों ने चारपाई पर शव रखने के बाद इटावा-बरेली हाईवे और मोहम्मदाबाद मुख्य चौराहे पर आठ बजे जाम लगा दिया। इससे दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइनें लग गईं। कोतवाली पुलिस ने जाम खुलवाने का प्रयास किया पर लोग नहीं माने। इस पर सीओ मोहम्मदाबाद शरद चंद्र शर्मा, एसडीएम सदर रमेश चंद्र 9 बजे घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने आश्वासन दिया कि मृतक के परिवार को पांच लाख रुपये समाजवादी किसान सर्वहित बीमा योजना के तहत की आर्थिक मदद दी जाएगी।
30 हजार रुपये राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना में दिया जाएगा। वहीं घटिया पोल लगाने वालों को दंडित कराएंगे। तब लोग शांत हुए व यातायात सामान्य हो सका।इसके बाद मृतक की पत्नी उर्मिला ने खंभे लगाने वाले अज्ञात ठेकेदार, बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता, उप खंड अधिकारी व जेई के खिलाफ थाने में तहरीर देकर रिपोर्ट लिखाई।
उर्मिला का कहना है कि घटिया क्वालिटी का खंभा लगाया गया, जिसकी चपेट में आकर उसके पति की मौत हुई।