फर्रुखाबाद। कमालगंज कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में कटियार के सहारे उजियारा हो रहा है। इसकी पोल बुधवार को नोडल अधिकारी के निरीक्षण में खुलकर सामने आई। स्कूली छात्राओं को गर्म कपड़े भी नहीं दिए गए हैं।
कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों के निरीक्षण के लिए डायट की प्रवक्ता रिचा यादव को नोडल अधिकारी बनाया गया था। बुधवार को नोडल अधिकारी ने कमालगंज ब्लाक के कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय का निरीक्षण किया। वार्डेन आराधना शुक्ला स्कूल गैरहाजिर मिलीं। छात्राओं को गर्म कपड़े और जूते-मोजे भी नहीं मिले थे। नोडल अधिकारी को रजाई और गद्दे फटे मिले। कक्षों में लगे शीशे टूटे थे।
विद्यालय में बिजली कनेक्शन नहीं था। फिर भी बिजली का उपभोग होने की जानकारी दी मिली। वार्डन ने कनेक्शन कराए जाने की मांग की। यहां बताया गया कि तीन साल से ट्रांसफार्मर से कटिया जोड़कर बिजली चलाई जा रही है। चोरी की बिजली से स्कूल को रोशन किया जा रहा है।
नोडल अधिकारी ने बताया कि निरीक्षण रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपी जाएगी। उन्होंने बताया कि स्कूल में तीन सालों से बिजली कनेक्शन नहीं है। कनेक्शन करवाए जाने के लिए जिलाधिकारी को पत्र भेज दिया गया है। विद्यालय में शैक्षिक व्यवस्था उन्हें ठीकठाक मिली।