शहर में दो जगहाें पर बिजली के पोल गिरने से विभाग को चार ट्रांसफार्मरों
की आपूर्ति बंद करनी पड़ी। इससे नगर पालिका की वाटर सप्लाई प्रभावित हो गई।
तहसील, अस्पताल, डाकघर, टेलीफोन एक्सचेंज की बिजली ठप रही। सड़क के बीच
पोलाें के पड़े होने से आवागमन भी बाधित हुआ।
गुरुवार देर रात जामा
मस्जिद और पुरानी गल्ला मंडी के पास बिजली के पोल गिर गए। वहीं पृथ्वी
दरवाजा मोहल्ले में एक पोल में करंट उतर आने से सप्लाई काट दी गई। जामा
मस्जिद के पास पोल गिरने परनगर पालिका कार्यालय के बाहर और चिलांका मोहल्ले
में लगे ट्रांसफार्मरों की सप्लाई बंद कर दी गई।
इससे तहसील
कार्यालय, अस्पताल, डाकघर, मुंसिफ कोर्ट, टेलीफोन उपकेंद्र के अलावा
मोहल्ला बजरिया रामलाल, चिलांका, छपट्टी, चिलौली, नईबस्ती, काजमखां, तहसील
रोड की बिजली गुल हो गई। वहीं पुरानी गल्ला मंडी चौराहे के पास क्रय विक्रय
समिति के सामने लगा पोल सड़क पार समिति की ओर गिर पड़ा। इस पर चार बंच
केबिलों का लोड था। इसके गिरने से कई मोहल्लों की सप्लाई ठप हो गई।
सड़क
पर गिरे पोलाें के कारण आवागमन बाधित हो गया। स्कूली बच्चों के रिक्शे तक
नहीं निकल सके। इनके अलावा भी नगर में कई पोल जर्जर हैं। इनके गिरने से
कभी भी हादसा हो सकता है। जेई गजेंद्र सिंह ने बताया कि ऐसे खस्ताहाल
पोलाें को चिह्नित कर जल्द बदलवाने की प्रक्रिया की जाएगी। बताया कि
ठेकेदार को गिरे पोलाें की जानकारी दे दी गई है। कल तक बदलवा दिया जाएगा।
ट्रांसफार्मर खराब, बदलने में लग सकता हफ्ता
नगर
के द्वितीय फीडर को बिजली देने वाले रूटौल उपकेंद्र पर लगे 5 एमवीए के
ट्रांसफार्मर को जांच टीम ने खराब बता दिया है। विभाग ने प्रथम फीडर के लिए
लगे 8 एमवीए के ट्रांसफार्मर से दोनोें फीडरों को चलाने की व्यवस्था की
है। गुरुवार की सुबह 10 बजे बिजली आते ही रूटौल उपकेंद्र पर लगे 5 एमवीए
के ट्रांसफार्मर से तेल रिसने लगा था। इससे ट्रांसफार्मर के फ्यूज उड़ गए
थे।
इससे संबद्ध द्वितीय फीडर की सप्लाई ठप हो गई थी। सारे दिन
द्वितीय फीडर के उपभोक्ताओं को बिजली नहीं मिल सकी। देर शाम कर्मचारियों ने
प्रथम फीडर के लिए लगे 8 एमवीए के ट्रांसफार्मर से ही द्वितीय फीडर को
जोड़कर देर रात 10 बजे बिजली आने पर दोनों फीडरों को चलाया था। सुबह
फतेहगढ़ से आए एई टेस्टिंग संजय कुमार और जेई ज्ञानेंद्र कुमार शर्मा ने
ट्रांसफार्मर के मेगर टेस्ट, वोल्टेज टेस्ट,
शार्ट सर्किट टेस्ट,
मैगनेटिक बैलेंस और ओपन सर्किट टेस्ट करने के बाद ट्रांसफार्मर को खराब
घोषित कर दिया। एसडीओ जेराम ने बताया कि उच्चाधिकारियों को ट्रांसफार्मर की
व्यवस्था करने के लिए बता दिया गया है। कहा ट्रांसफार्मर बदलने में एक
सप्ताह लग सकता है। तब तक 8 एमवीए के ट्रांसफार्मर से ही दोनों फीडरों को
सप्लाई दी जाएगी।