फर्रुखाबाद। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष के आह्वान पर होलिका में कृषि कानूनों की प्रतियां जलाई गईं। कृषि कानूनों के विरोध में जमकर नारेबाजी की।
भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष के आह्वान पर जिले के किसान नेताओं ने कृषि कानूनों का विरोध किया। कृषि कानूनों की प्रतियां जलाने के साथ ही नारेबाजी की गई। मोहम्मदाबाद क्षेत्र के गांव खिमसेपुर में भाकियू के मंडल उपाध्यक्ष प्रभा कांत मिश्रा के नेतृत्व में होली में आखत की जगह पर कृषि कानूनों की प्रतियां डाली गईं।
नवाबगंज में भाकियू जिला अध्यक्ष अरविंद शाक्य के नेतृत्व में, जबकि शहर की आवास विकास कालोनी ने भाकियू के मीडिया प्रभारी मुकेश शर्मा के नेतृत्व में कृषि कानूनों की होली में प्रतियां जलाई गईं। इसके अलावा कमालगंज के गांव चौंसपुर में तहसील अध्यक्ष अमर सिंह, बहोरा में ब्लॉक अध्यक्ष सत्य राम राजपूत, जबकि तहसील क्षेत्र अमृतपुर में संजीव सिंह व हरिहर सिंह के नेतृत्व में कृषि कानूनों की प्रतियां जलाईं गईं। किसान नेताओं ने कहा कि यह कृषि कानून किसान विरोधी हैं। इनको कभी भी स्वीकार नहीं किया जा सकता है। यह कृषि कानून पूंजीपतियों को लाभ देने के लिए बनाए गए हैं। इनसे किसानों का कभी भला होने वाला नहीं है।