फोटो-30 कमालगंज के नगला जोध में पुलिस से नोकझोंक करतीं महिलाएं। स्रोत: वीडियो ग्रैब
कमालगंज (फर्रुखाबाद)। गांव नगला जोध में शनिवार शाम को अवैध निर्माण होने की सूचना पर पहुंची पुलिस पर दबंगों ने महिलाओं के साथ हमला कर दिया। इस दौरान हाथापाई कर पथराव भी दिया। पुलिसकर्मियों ने इधर-उधर छिपकर बचकर जान बचाई। हाथापाई में एक महिला सिपाही की वर्दी अस्त-व्यस्त हो गई। चौकी प्रभारी ने तीन नामजद, 10 अज्ञात व 20 महिलाओं पर प्राथमिकी दर्ज कराई।
कमालगंज थाना क्षेत्र के नगला जोध निवासी ऋषि प्रताप ने शनिवार शाम को यूपी 112 पर कॉल कर सूचना दी कि गांव के मनीष, पंकज व मोनू विवादित जमीन पर अवैध रूप से निर्माण कार्य करा रहे हैं। विरोध करने पर कार्य बंद नहीं कर रहे। इस पर पीआरवी पहुंची और काम बंद कराने के लिए कहा तो वह नहीं माने। पीआरवी सिपाही ने खुदागंज चौकी प्रभारी अनिल कुमार को सूचना दी। इस पर वह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य करने से रोकने लगे। इतने में मनीष, पंकज और मोनू उत्तेजित हो गए और गाली गलौज कर हमलावर हो गए। इस दौरान बड़ी संख्या में महिला समेत उनके परिजन और समर्थक पहुंच गए।
भीड़ जुटने की सूचना पर थाने से एसएसआई संदीप कुमार गौतम और पुलिस बल लेकर पहुंचे। बड़ी संख्या में पुलिस को देख तीनों गाली गलौज करते हुए मारपीट पर उतारू हो गए। भीड़ में शामिल युवकों व महिलाओं ने काम रोकने का विरोध शुरू कर दिया। जब उन्हें रोका गया तो उनके साथ मौजूद भीड़ ने महिला सिपाही से हाथापाई कर दी। इससे उसकी वर्दी अस्त-व्यस्त हो गई। दबंगों ने सरकारी जीप के आगे खड़े होकर पथराव कर दिया। इस पर पुलिस ने इधर-उधर छिपकर जान बचाई। चौकी प्रभारी अनिल कुमार ने मनीष, पंकज, मोनू के अलावा 10 अज्ञात युवकों व 20 महिलाओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्रभारी निरीक्षक अवध नारायण पांडेय ने बताया कि सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
फोटो-30 कमालगंज के नगला जोध में पुलिस से नोकझोंक करतीं महिलाएं। स्रोत: वीडियो ग्रैब