जहानगंज। फार्म के बाहर केयर टेकर की गोली लगने से मौत के मामले में पुलिस ने मरने वाले के खिलाफ तमंचा रखने में रिपोर्ट दर्ज कर ली। पुलिस ने फिंगर प्रिंट की जांच कराने के लिए तमंचे को झांसी की लैब में भेजा है।
वहीं, थाने पहुंचे भाई को जांच रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। इसके अलावा हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है।
थाना क्षेत्र के गांव हब्बापुर निवासी केयर टेकर समरपाल शंखवार (40) की बुधवार रात पंजूखिरिया स्थित शरद श्रीवास्तव के फार्म के बाहर माथे पर गोली लगने से मौत हो गई थी। बृहस्पतिवार सुबह साथी केयर टेकर राकेश ने फार्म गेट के पास चकरोड पर समरपाल का शव पड़ा देख घटना की सूचना दी थी।
एएसपी डॉ संजय कुमार, सीओ अजय वर्मा व थानाध्यक्ष राजेश राय ने जांच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। पुलिस को शव के पास एक 315 बोर तमंचा मिला था, उसमें खोखा कारतूस फंसा था। समरपाल की जेब से एक कारतूस भी मिला था।
पुलिस ने पूछताछ के लिए साथ में काम करने वाले तीन केयर टेकर को हिरासत लिया है। फार्म में लगे सीसीटीवी कैमरे के डीवीआर को भी कब्जे में लिया गया। भाई जयपाल ने समरपाल की हत्या होने का आरोप लगाया था।
शुक्रवार को थाने में तैनात दरोगा कुंवरवीर सिंह ने समरपाल के खिलाफ बिना लाइसेंस अवैध तमंचा रखने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस घटना को आत्महत्या मान रही है। थानाध्यक्ष राजेश राय ने बताया कि जांच रिपोर्ट के बाद कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)