लोडर सवार चार बदमाशों ने शनिवार की रात एक गांव से छह बकरियां चोरी कर लीं। इसके बाद उन्होंने मंदिर के बाहर सो रहे बाबा और बाइक सवार तीन राहगीरों से हजारों की नगदी समेत मोबाइल लूट लिए। यूपी 100 पर सूचना के बाद हरकत में आई पुलिस ने दो लुटेरों को लोडर और बकरियों समेत दबोच लिया, जब कि दो लुटेरे मौके से भागने में सफल रहे।
जहानगंज थाना क्षेत्र के गांव रायपुर स्थित हनुमान में बाबा गंगाराम रहते हैं। उनका कहना है कि शनिवार रात रोज की भांति वह मंदिर के बाहर सोए हुए थे। रात लगभग 12 बजे एक लोडर आया। उसमें से चार लोग उतरे एक बदमाश पैरों के पास, दूसरा सिर के पास और बाकी दो बदमाश मंदिर के गेट के पास खड़े थे। सिर के पास खड़े बदमाश ने बाबा से टार्च मांगी। टार्च देने के बाद उसी ने कनपटी पर तमंचा लगाकर उसके पास से 2200 रुपए लूट लिए।
घटना के बाद बदमाश लोडर में बैठकर आगे की ओर चल दिए। मंदिर की छत पर लेटे विजय सिंह ने यूपी 100 को पूरी घटना की जानकारी दी। कन्नौज जिला के थाना विशुनगढ़ के गांव धरनिधरपुर निवासी अजय कुमार, जनवेश और ओमकार बाइक से तिलक समारोह से घर वापस जा रहे थे। ओमकार बाइक चला रहा था।
मंदिर से कुछ ही दूरी पर लोडर सवार बदमाशों ने बाइक रोक ली। बाइक चालक ओमकार ने बताया कि बदमाश उससे 4000 रुपए और मोबाइल, जनवेश से 9500 रुपये, मोबाइल तथा अजय से 500 रुपए लूटकर भाग गए।
मौके पर पहुंचे यूपी 100 के सिपाहियों ने घटना की सूचना जहानगंज एसओ को दी। जहानगंज एसओ ने मामले की सूचना उच्च अधिकारियों को दी। उच्च अधिकारियों के निर्देश पर यूपी 100, जहानगंज पुलिस और मोहम्मदाबाद पुलिस ने घेराबंदी कर लोडर को बंथलशाहपुर के पास से पकड़ लिया। एएसपी अशोक कुमार और सीओ मोहम्मदाबाद उमेश शर्मा भी मौके पर पहुंच गए।
जहानगंज प्रतिनिधि के अनुसार मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव टिलियां निवासी दीवान सिंह यादव ने बताया कि शनिवार रात वह छप्पर में लेटे थे। वहीं इनकी तीन बकरियां बंधी थी। चोरों ने बकरियों को खोलकर लोडर में डाल लिया।
बकरियों की आवाज सुनकर वह जाग गए और चिल्लाने लगे। तब तक चोर लोडर लेकर भाग गए। ग्रामीणों ने इसकी सूचना यूपी 100 पर दी। सूत्रों की माने तो पुलिस ने लूट और चोरी के मामले में थाना कुरावली के गांव रीछापुर निवासी अनार खां और जिला मैनपुरी के गांव गगरई निवासी मेहंदी हसन को लोडर, तीन बकरियों के साथ गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से दो तमंचे भी बरामद हुए हैं, जबकि दो युवक भागने में सफल रहे।
पुलिस की मानें तो गिरफ्तारी के समय लुटेरे नशे की हालत में थे। एसओ जहानगंज नरेंद्र गौतम ने बताया कि लुटेरों को थाना जहानगंज क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। मामले में लिखापढ़ी की जा रही है।