आरक्षी भर्ती 2013 में धांधली का आरोप लगाकर फतेहगढ़ चौराहे पर जाम लगाने
वालों को पुलिस ने दौड़ा दौड़ा कर पीटा। लाठी चार्ज होते ही भगदड़ मच गई।
जान बचाकर एक दुकान में घुसे छह अभ्यर्थियों को पुलिस ने पकड़ कर जमकर
धुनाई कर दी गई। बाद में इन्हें हवालात में पहुंचा दिया। चौराहे पर ठेली
लगाने वालों का सामान तोड़ दिया। धरना प्रदर्शन और पुलिस के बीच नोकझोंक
करीब तीन घंटे चली।
आरक्षी भर्ती परीक्षा 2013 में बोर्ड की ओर से जारी
कटआफ मेरिट में कम अंक वालों को काल लेटर जारी किए जाने के मामले में
अभ्यर्थी भड़के हुए हैं। सोमवार की सुबह करीब 10.30 बजे यह जांच की मांग
को लेकर ज्ञापन देने कलेक्ट्रेट पहुंचे। इन्होंने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन
कर मुख्यमंत्री के खिलाफ नारे लगाए। नगर मजिस्ट्रेट अशोक प्रताप सिंह
पहुंचे तो इन्होंने उन्हें ज्ञापन देने से इनकार कर दिया । ये डीएम व एडीएम
को बुलाने की मांग करने लगे। नगर मजिस्ट्रेट के
जाने के बाद कोई अधिकारी
नहीं आया। इससे खफा अभ्यर्थियों ने कलेक्ट्रेट के बाहर सड़क पर बैठकर जाम
लगा दिया और प्रदेश सरकार व भर्ती बोर्ड के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। यहां
एक घंटे प्रदर्शन के बाद अभ्यर्थी कलेक्ट्रेट से जुलूस की शक्ल में डीएन
कालेज, विकास भवन मार्ग होते हुए करीब 12 बजे फतेहगढ़ चौराहे पहुंचे। यहां
यातायात बैरियर और सड़क किनारे पड़े बिजली के पोल से सड़क पर जाम लगा दिया।
ठेली दुकानदारों की मेजें उठाकर एक तरफ
लगा दीं। सूचना पर नगर
मजिस्ट्रेट और सीओ मोहम्मदाबाद योगेश कुमार पुलिस बल के साथ चौराहे पर
पहुंचे । इन्होंने ज्ञापन देने के लिए कहा तो अभ्यर्थी डीएम या एडीएम को
बुलाने की मांग पर अड़ गए। जाम के दौरान इनका वाहन मालिकों से कई बार विवाद
हुआ। दोपहर बाद करीब 1.47 बजे साइकिल लेकर निकल रहे वृद्ध को रोक दिया। इस
पर हाथापाई हो गई। इसके बाद पुलिस ने जाम लगाने वालों पर लाठी भांजना
शुरू कर दिया। इससे भगदड़ मच गई।
कई युवकों ने आसपास की दुकानों में घुसकर
शरण ली। पुलिस ने दुकानों में छिपने वालों को पकड़ लिया। पुलिस ने इन्हें
जमकर पीटा। छह अभ्यर्थियों को पुलिस ने पकड़कर हवालात पहुंचा दिया। इस
दौरान नगर मजिस्ट्रेट, सीओ मोहम्मदाबाद, सीओ सिटी, शहर कोतवाल, कमालगंज,
जहानगंज व फतेहगढ़ कोतवाल के प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।
ठेली वालों को पुलिस ने नहीं बख्शा
लाठी चार्ज कर रहे पुलिस कर्मियों ने गरीबों को भी निशाना बनाया।
अभ्यर्थियों के भागने के बाद पुलिस ने चौराहे पर ठेली वालों को हड़काया और
इनकी मेजें व पानी के डिब्बों को तोड़ दिया। प्रदर्शनकारियों ने ठेली वालों
की मेजें और यातायात डिवाइडरों को सड़क के दोनों तरफ लगा दिया था। तीसरी
ओर लोहे के बिजली के पोल को सड़क पर डाला था। लाठीचार्ज पर अभ्यर्थी भाग
गए। इसके बाद पुलिस ने ठेली वालों पर गुस्सा निकालते हुए उनका सामान
तोड़फोड़ डाला।