मोहल्ला शमशेरखनी में वख्फ की भूमि पर होता निर्माण। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। वक्फ की संपत्तियों पर हो रहे कब्जों को लेकर जिलाधिकारी मानवेंद्र सिह काफी सख्त हैं। बावजूद इसके पुलिस दबंगों के साथ मिलकर इन जमीनों पर रात में नींव खुदवा रही है और दिन में भरवा देती है। पीड़ितों ने डीएम से मिलकर दुखड़ा सुनाया। उन्होंने जांच के बाद कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के मोहल्ला शमशेर खानी में मखसूद अली की एक संपत्ति थी। उन्होंने अल्लाजलले शानहहू नाम का एक वक्फ बनाकर जमीन उसी के नाम कर दी थी। उस संपत्ति की देखरेख उनके धेवते नाहिद खां पुत्र रसीद आलम कर रहे थे। इस जमीन पर कुछ लोगों की नीयत खराब हो गई। उन्होंने भूमाफियाओं से मिलकर थाना पुलिस से सेटिंग की और उस पर कब्जे की जुगत शुरू कर दी। दो दिन पहले मारपीट का नाटक रचा गया। इसके बाद रविवार रात को दीवार तोड़कर अंदर घुसकर उसमें नींव खोद डाली गई। सोमवार सुबह बजरिया चौकी प्रभारी कुछ पुलिस बल के साथ पहुंचे। उन्होंने अपनी देखरेख में दबंगों से नींव भरवाने का काम शुरू करवा दिया। इस पर पीड़ित जिलाधिकारी के कार्यालय पहुंचे। उन्हें पत्र देकर कहा कि जिस स्थान पर कब्जा किया जा रहा है, उसका मानचित्र भी पास नहीं कराया गया है। दबंगों की मंशा इस संपत्ति को महंगे दामों में बेचने की है। जबकि यह संपत्ति सामाजिक सेवा के लिए छोड़ी गई थी।
एक भूमाफिया के इशारे पर घूम रही पुलिस
वक्फ और विवादित भूमि को सस्ते में खरीदकर पुलिस के सहयोग से कब्जा करने में जुटे भूमाफिया के इशारे पर ही इस संपत्ति पर कब्जा किया जा रहा है। दो दिन से यह भूमाफिया मऊदरवाजा थाने में बैठ रहा है। सोमवार को दिन भर बजरिया चौकी में जमा रहा।
‘मैंने दोनों पक्षों को थाना बुलाकर यथास्थिति बनाए रखने के निर्देश दिए थे। यदि नींव खोदकर कब्जा किया गया है, तो इसे रुकवाने के साथ नींव भी गिरवा देंगे।’
-जेपी शर्मा, इंस्पेक्टर मऊदरवाजा