पुलिस एवं आबकारी टीम ने सोमवार तड़के लकूला और नेकपुर गिहार बस्ती में छापेमारी कर शराब बनाते मां -बेटे को गिरफ्तार किया। साथ ही 25 लीटर शराब भी बरामद की। वहीं, मोहम्मदाबाद के तकीपुर में छापेमारी कर एक को दबोचा गया।
सोमवार तड़के सीओ सिटी लेखराज के साथ शहर कोतवाल देवेंद्र शर्मा, फतेहगढ़ प्रभारी रजनेश चौहान, महिला एसओ अर्चना गौतम के अलावा सभी चौकी प्रभारियों के साथ लकूला में छापेमारी शुरू की। तलाशी के दौरान गंगू गिहार के घर पर शराब की भट्टी लगी मिली। हालांकि इसके घर पर पुलिस को कोई नहीं मिला।
इस दौरान कुछ महिलाओं की पुलिस कर्मियों से घर में घुसने को लेकर नोकझोंक हुई। इस दौरान सिटी मजिस्ट्रेट शिवबहादुर सिंह और आबकारी निरीक्षक संजय गुप्ता अपनी टीम के साथ आ गए। पुलिस और आबकारी टीम ने खुले स्थानों को चेक कर गड्ढों से लहन बरामद कर उसे नष्ट कराया। यहां से टीम गिहार बस्ती नेकपुर पहुंची। टीम ने यहां मिथिलेश गिहार पत्नी सुरेश के घर पर बनाई जा रही शराब पकड़ी।
पुलिस ने मिथिलेश को भी पकड़ लिया। इस पर मिथिलेश ने महिला एसओ अर्चना गौतम के साथ धक्कामुक्की कर दी। पुलिस ने मिथिलेश और उसके बेटे शिवा को पकड़ कर जीप में बैठा लिया। अचानक गिहार बस्ती में छापेमारी से हड़कंप मचा रहा। सीओ ने बताया कि इस छापेमारी में करीब 25 लीटर शराब बरामद हुई और करीब 30 क्विंटल लहन को नष्ट किया गया है।
मोहम्मदाबाद प्रतिनिधि के अनुसार आबकारी निरीक्षक संजय गुप्ता ने गांव तकीपुर में छापेमारी की। टीम ने जमीन में दबी लहन को नष्ट कर भारी मात्रा में शराब बरामद की। टीम ने यहां से भारत गिहार को दबोच लिया। पुलिस ने उसके पास से 100 लीटर कच्ची शराब बरामद की। आबकारी निरीक्षक ने बताया कि करीब 20 क्विंटल लहन को नष्ट किया गया है। आबकारी निरीक्षक ने बताया कि यह अभियान लगातार चलाया जाएगा।
उधर, पुलिस अधीक्षक राजेश कृष्ण ने बताया कि 30 लोगों को गिरफ्तार किया है। एसपी ने बताया कि 261 लीटर कच्ची शराब, 610 देशी क्वाटर, 6 शराब बनाने की भट्टी के अलावा 5 हजार लीटर लहन नष्ट की गई है।