कमालगंज। पर्चा वापसी का समय समाप्त होने के बाद चुनाव चिह्न पाने के लिए प्रत्याशियों की उमड़ी भीड़ में धक्कामुक्की होने पर पुलिस ने प्रत्याशियों को लठियाकर खदेड़ा। लाठीचार्ज होने से भगदड़ मचने से एक दूसरे पर गिरने से कई लोग चुटहिल हो गए। एक महिला के जमीन पर गिरने से अधिक चोट आने पर पुलिस ने उसको अस्पताल भेजा है।
कमालगंज ब्लाक कार्यालय में चुनाव चिह्न पाने के लिए सुबह से डटे प्रधान एवं ग्राम पंचायत सदस्य पद के प्रत्याशी डटे थे। दोपहर करीब तीन बजे चुनाव चिह्न वितरण कार्यक्रम होते ही प्रत्याशियों की भीड़ ब्लाक कार्यालय में घुस पड़ी। इससे धक्कामुक्की होने पर हंगामा होने लगा।
हंगामा करने वालों को खदेड़ने के लिए सुरक्षा में लगे पुलिस बल ने प्रत्याशी व इनके समर्थकों पर लाठी चार्ज कर दिया। इससे भगदड़ मचने से कई लोग एक दूसरे पर गिरने से चुटहिल हो गए। एक महिला भगदड़ में जमीन पर गिर पड़ी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने महिला को जमीन से उठाया और अस्पताल में भर्ती कराने के लिए भेजा। भीड़ पर कंट्रोल करने के बाद पुलिस ने ब्लाक कार्यालय में बने काउंटरों पर लाइन लगवा कर चुनाव चिह्न का वितरण कराया।