फर्रुखाबाद। युवक के खाते से 25 हजार रुपये निकल गए। मोबाइल पर मैसेज आने पर युवक को इसकी जानकारी हुई। पीड़ित ने कोतवाली में अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है।
फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मछली टोला निवासी सिरात हुसैन का बैंक ऑफ बड़ौदा में खाता है। गुरुवार सुबह सिरात ने एटीएम से पांच हजार रुपये निकाले। घर आने पर पता चला कि उनका डेबिट कार्ड कहीं गिर गया है।
कुुछ देर बाद सिरात के मोबाइल पर तीन मैसेज आए। एटीएम के जरिए उसके खाते से 25 हजार रुपये निकाले गए थे। सिरात ने बैंक जाकर एटीएम के सीसीटीवी फुटेज दिखवाए, जिसमें एक युवक रुपये निकालते समय खड़ा दिखाई दिया।
सिरात ने सीसीटीवी फुटेज के साथ कोतवाली में अज्ञात युवक के खिलाफ तहरीर दी। सिरात हुसैन ने युवक के बारे में पता किया तो वह मोहल्ला ग्वालटोली का निकला। उन्होंने उसके घर जाकर दबाव बनाया तो युवक ने 25 हजार रुपये वापस कर दिए।
सिरात ने इसकी जानकारी कोतवाली में दी, लेकिन पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने का भरोसा दिया।