कायमगंज-फर्रुखाबाद मार्ग पर ट्रक की टक्कर से 33 हजार लाइन का पोल टूटने
से ब्लाक क्षेत्र के एक सैकड़ा से ज्यादा गांवों की बत्ती गुल है। भोलेपुर
स्थित बिजली घर स्टोर से पोल को मंगवाया गया है। मंगलवार तक आपूर्ति बहाल
होने की उम्मीद जताई जा रही है। शमसाबाद पावर हाउस से चार फीडर अलेपुर,
मंझना, शमसाबाद, रूरल जुड़े हैं। इनसे पूरे ब्लाक क्षेत्र के करीब सौ से
ज्यादा गांवों को बिजली आपूर्ति की जाती है। रविवार शाम को
कायमगंज-फर्रुखाबाद मार्ग पर लगा 33
हजार का पोल ट्रक की टक्कर से
टूट गया। इससे चारों फीडर बंद हो गए। फलस्वरूप ब्लाक क्षेत्र के
कुइंयाखेड़ा, मुरैठी, पसियापुर, किसरौली, अरियारा, लहरा, ललैया, नगला सेठ,
फरीदपुर सैदवाड़ा, रजलामई और खुड़नाखार समेत करीब एक सैकड़ा गांवों की
बत्ती गुल हो गई। इनमें कई गांव मुस्लिम बहुल भी हैं। मुस्लिम इलाकों की
बिजली गुल होने से रोजादारों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। पोल टूटे
होने की जानकारी पर सोमवार को बिजली कर्मचारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने
घटना की
जानकारी एसएसओ सलीम खां को दी। एसएसओ मौके पर पहुंचे। उन्होंने पोल
बदलवाने के निर्देश कर्मचारियों को दिए। एसएसओ ने बताया कि स्टोर से पोल
मंगवाया गया है। पोल लगवाकर मंगलवार तक आपूर्ति चालू कर दी जाएगी। उन्होंने
बताया कि अज्ञात ट्रक की टक्कर से पोल टूटा है। इसकी एफआईआर भी दर्ज करवाई
जाएगी।