सड़क किनारे खड़ी पिकअप का ताला तुड़वाती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
शहर के लकूला मसेनी रोड पर शुक्रवार की सुबह सफेद रंग की पिकअप से खून टपक रहा था। इसके साथ ही काफी बदबू आ रही थी। किसी अनहोनी की आशंका को भांपते हुए स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर फतेहगढ़ कोतवाली प्रभारी रजनीश चौहान और शहर कोतवाल देवेंद्र शर्मा फोर्स के साथ मौके पर जा पहुंचे। यहां पर इन लोगों के बीच सीमा विवाद होने लगा। इसकी सूचना मिलने पर सीओ लेखराज भी आ गए।
स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि यह पिकअप तीन दिनों से खड़ी हुई थी। डॉग स्क्वायड और फिगर प्रिंट टीम भी मौके पर जा पहुंची। सीओ के निर्देश पर रोड के किनारे खड़ी पिकअप में लगे ताले को तुड़वाया गया तो उसके अंदर मेडिकल वेस्ट कचरा भरा हुआ था। घटना की सूचना मिलने पर डिप्टी सीएमओ डॉक्टर एसके वर्मा, कनिष्ठ लिपिक ऋषिगोपाल तिवारी भी आ गए। डिप्टी सीएमओ ने जांच पड़ताल की।
डिप्टी सीएमओ ने बताया कि शहर के अस्पतालों से मेडिकल वेस्ट कचरा ले जाने का काम कानपुर की एक कंपनी को मिला है। तीन दिनों से यह गाड़ी यहां पर खड़ी कर चालक कहां चला गया इसकी जानकारी की जा रही है। उन्होंने बताया कि कंपनी को नोटिस भेजकर जवाब तलब किया जाएगा।