शहर कोतवाली के मोहल्ला गढ़ी कोहना निवासी गोपाल मिश्रा की मोहल्ले के ही रघुवीर से मुकदमेबाजी की रंजिश चल रही है। शुक्रवार की शाम गोपाल अपना मकान का निर्माण कार्य करा रहे थे। इसी बीच रघुवीर अपने साथियों के साथ जा पहुंचे। यहां पर गोपाल से विवाद होने लगा। कहासुनी होने पर हमलावरों ने मारपीट कर पथराव शुरू कर दिया।
पथराव होने से अफरातफरी मच गई। इस पथराव से गोपाल मिश्रा, उनका बेटा श्याम मिश्रा, पत्नी सरस्वती देवी, बेटी दीपिका घायल हो गई। घटना की सूचना पर पुलिस ने गंभीर रूप से घायल गोपाल और उनके बेटे श्याम का लोहिया अस्पताल में मेडिकल कराया। मामले की कोतवाली में तहरीर दी गई।
इधर, फतेहगढ़ कोतवाली के मोहल्ला नेकपुर कला न्यू कालोनी निवासी मुकेश गुरुवार की रात घर जा रहा था। इस बीच रास्ते में उसे अज्ञात युवकों ने रोक लिया और गालीगलौज करने लगे। जब मुकेश ने इसका विरोध किया तो हमलावरों ने उसे मारपीट कर घायल कर दिया। मारपीट करने के बाद हमलावर जानमाल की धमकी देकर भाग गए। घायल ने मामले की सूचना दर्ज कराई। पुलिस ने घायल का लोहिया अस्पताल में मेडिकल कराया।
एक अन्य घटना में थाना मऊदरवाजा के गांव रुपपुर मंगलीपुर निवासी सरोजनी देवी पत्नी दुर्गेश कुमार का गांव के ही देवेंद्र से रंजिश चल रही है। इसी को लेकर हमलावरों ने सरोजनी पर हमला बोल दिया। मारपीट करने के बाद आरोपी जानमाल की धमकी देकर भाग गए। पीड़िता ने देवेंद्र, सतेंद्र, रामखिलाड़ी के खिलाफ सूचना दर्ज कराई।