सूबे में सत्ता परिवर्तन के बाद स्वास्थ्य विभाग ने नर्सिंग होम पर शिकंजा कस दिया है। उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव शाक्य ने मानक पूरे ने होने पर प्रभा नर्सिंग होम को सीज कर दिया है। इससे नर्सिंग होम संचालकों में हड़कंप मच गया।
स्वास्थ्य विभाग नेे नारायण, श्री नारायण और जीवन ज्योति नर्सिंग होम में मानक पूरे न होने पर पहले ही सीज कर दिया था। इसी क्रम में अब प्रभा हास्पिटल मसेनी रोड को भी सीज कर दिया गया है। यहां एमबीबीएस डॉक्टर मौजूद नहीं था। अन्य मानक भी अधूरे थे। इस पर नोटिस देकर जवाब मांगा गया था। संतोषजनक स्पष्टीकरण न मिलने पर नर्सिंग होम सीज करने की कार्रवाई की गई। फिलहाल जिले में तकरीबन एक सैकड़ा नर्सिंग होम संचालित हैं, जिनमें अमानक नर्सिंग होम खोजे जा रहे हैं।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि नर्सिंग होम चलाने के लिए सबसे पहला नियम यह है कि वहां नियमित रूप से एमबीबीएस डॉक्टर की मौजूदगी होनी चाहिए। जिन नर्सिंग होम में एमबीबीएस डॉॅक्टर की मौजूदगी नहीं होगी उन्हें किसी भी कीमत पर चलने नहीं दिया जाएगा। दो नर्सिंग होम आयुष चिकित्सकों के हवाले हैं, जिन्हें सीज कराने के लिए नोटिस देकर जवाब मांगने की कागजी कवायद चल रही है। सीएमओ ने कहा कि अभियान चलाकर नर्सिंग होम में चल रही धांधली को रोका जाएगा।