सीसीटीवी फुटेज में रुपये से भरा थैला ले जाता नीली शर्ट पहने युवक। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : FARRUKHABAD
कायमगंज नगर के गल्ला मंडी स्थित भारतीय स्टेट बैंक में शुक्रवार दोपहर पेट्रोल पंप का कर्मचारी 7 लाख रुपये जमा करने पहुंचा। पंप कर्मी ने काउंटर के पास थैला रख दिया और दूसरे काउंटर पर चला गया। तभी टप्पेबाज ने थैला पार कर दिया। कर्मचारी लौटा तो थैला गायब था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाले। उसके आधार पर पुलिस ने एक संदिग्ध को उठाया है। उससे पूछताछ की जा रही है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव नरसिंहपुर निवासी सौरभ कुमार पुलगालिब तिराहा स्थित कायमगंज फिलिंग स्टेशन पेट्रोल पंप पर कर्मचारी है। दोपहर करीब ढाई बजे सौरभ पंप से 7 लाख 7200 रुपये थैले में रखकर जमा करने पहुंचा। उन्होंने काउंटर के पास थैला रख दिया और दूसरे काउंटर पर जाकर बात करने लगे। इसी बीच टप्पेबाज नोटों से भरा थैला लेकर रफूचक्कर हो गया। जब सौरभ ने वहां देखा तो थैला गायब था।
इस पर उसके होश उड़ गए। बैंक कर्मियों को जानकारी होने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। इस पर इंस्पेक्टर डॉ. विनय कुमार राय व चौकी प्रभारी दिनेश भारती मौके पर पहुंचे। बैंक में पेट्रोल पंप कर्मी से पूछताछ के बाद टप्पेबाज की तलाश में चेकिंग शुरू कर दी गई। कुछ देर बाद पेट्रोल पंप मालिक मोहल्ला छपट्टी निवासी विनोद गंगवार भी वहां पहुंच गए।
पुलिस ने बैंक में मौजूद एक संदिग्ध युवक को पूछताछ के लिये हिरासत में लिया है। पुलिस ने बैंक के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। उसमें एक युवक थैला ले जाते हुए दिखाई दे रहा है। पुलिस की उसकी पहचान करने का प्रयास कर रही है। इंस्पेक्टर डॉ. विनय कुमार राय ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। मुकदमा दर्ज कर जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।