नपा ईओ, दरोगा समेत आठ के खिलाफ अर्जी दायर
फर्रुखाबाद। नगर पालिका के ईओ, पांच कर्मचारी व दरोगा समेत आठ के खिलाफ महिला ने कोर्ट में अर्जी दायर की है। इसमें कालोनी में उसके घर के पास की दीवार को जबरन तुड़वाने व विरोध करने पर धमकाने का आरोप लगाया है।
सिंहवाहिनी कालोनी श्याम नगर निवासी गीता ने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका रविंद्र कुमार, तत्कालीन कर्मचारी मनीशंकर, धीरेंद्र कुमार पांडेय, मुकेश कुमार, भवानी शंकर दीक्षित, लेेखपाल रोशन लाल, आईटीआई चौकी प्रभारी राजीव कुमार व भोपतपट्टी निवासी दुर्गेश के खिलाफ कोर्ट में अर्जी दायर की।
इसमें आरोप लगाया कि कालोनी में उसका मकान सबसे अंत में बना है। मकान से लगी आठ फीट ऊंची दीवार थी। 24 मार्च को दिन में डेढ़ बजे वह दवा लेने गई थी। इसी समय सभी लोग आए और दीवार को जेसीबी से गिरवा दिया। स्थानीय लोगों ने विरोध किया तो आरोपियों ने धमकी दी। अब घर में चोरी होने का डर है। इसकी शिकायत ईओ व अन्य कर्मचारियों से की तो उन्होंने धमकी दी। अर्जी पर सीजेएम ने शहर कोतवाली से आख्या मांगी है।