हाड़कंपाऊ ठंड ने लोगों का हाल बेहाल कर रखा है। भीषण ठंड का असर बाजार
पर भी पड़ने लगा है। मंगलवार को ठंड के कहर से बाजारों में दिन भर सन्नाटा
पसरा रहा। ठंड से बचने के लिए लोग जगह-जगह आग जलाकर तापते नजर आए। मंगलवार
को दिन भर सूरज देवता के दर्शन नहीं हुए और न्यूनतम तापमान लुढ़ककर 4.5
डिग्री सेल्सियस पर आ गया। अधिकतम तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की गई।
भीषण
कोहरा और सर्द हवाओं के चलने से ठंड का सितम कम होने का नाम नहीं ले रहा
है। सोमवार की शाम से शुरू हुआ कोहरा अगले दिन मंगलवार दोपहर तक जारी रहा।
दोपहर करीब 12 बजे के बाद कोहरा छट गया लेकिन धुंध छाई रही। पूरे दिन सर्द
हवाओं के थपेड़ों से लोगों के हाड़ कंपा दिए।
सर्दी के चलते बाजार तीसरे
दिन भी काफी देर से खुले। ठंड के चलते रेलवे रोड, त्रिपोलिया चौक, घुमना
बाजार, लोहाई रोड, पक्कापुल और सेठवाली गली आदि बाजारों में सन्नाटा ही
पसरा रहा। दुकानदार अपनी-अपनी दुकानों के बाहर अलाव तापते नजर आए।
सेठ
गली निवासी रेडीमेड विक्रेता रोमिल रस्तोगी ने बताया कि तीन-चार दिनों से
ठंड बढ़ने से बिक्री पर असर पड़ा है। हालांकि कोयला, लकड़ी की बिक्री में
इजाफा हुआ है। रेलवे रोड पर स्थित इलेक्ट्रानिक दुकानदार महेश शाक्य ने
बताया कि हीटर, रूम हीटर और ब्लोवर आदि का स्टॉक किया है लेकिन भीषण ठंड के
चलते लोग घरों से नहीं निकल रहे हैं। ठंड से यात्रियों का बुरा हाल है।
रोडवेज बसअड्डा और फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन पर यात्री अलाव तापते हुए नजर
आए। ठंड के चलते यात्रियों की संख्या भी गिर रही है। ठंड से पशु-पक्षी भी
परेशान हैं। जगह-जगह जानवर अलाव के पास बैठे दिखे। ठंड के चलते कई ट्रेनें
भी लेट हुईं।