घने कोहरे के के चलते आए फाल्ट से नगर के प्रथम फीडर की बिजली गुल हो गई।
इससे सारी रात आधा शहर अंधेरे मेें डूबा रहा। दूसरे दिन बिजली आने पर मात्र
एक घंटे ही नगरवासियों को बिजली मिल सकी। इससे प्रथम फीडर से संबद्ध
उपभोक्ताओं को पानी समस्या से भी जूझना पड़ा।
सोमवार रात रोस्टर के
अनुसार रात 10 बजे बिजली आने के बाद तुरंत गुल हो गई। कई बार उपकेंद्र से
प्रथम फीडर की बिजली लगाने का एसएसओ ने प्रयास किया लेकिन घने कोहरे में
लाइन फाल्ट होने के कारण सप्लाई सुचारु न हो सकी। घने कोहरे और भीषण सर्दी
के कारण रात की ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी भी फाल्ट ढूंढने का साहस न जुटा
सके।
लोकल फाल्ट से उपकेंद्र रूटौल पर लगी ओसीबी ने भी काम करना बंद कर
दिया। इससे सारी रात प्रथम फीडर से संबंधित आधे शहर के अलावा देहात
क्षेत्र में अंधेरा छाया रहा। सुबह कर्मचारियों ने जुगाड़ कर ओसीबी की
मरम्मत की। लाइनमैनों ने पूरे फीडर की पेट्रोलिंग कर फाल्ट सही किए। इसके
बाद बिजली सुचारू कराई गई। दिन में दोपहर 12 से शाम 4 बजे तक मिलने वाली
बिजली में मात्र एक घंटे ही शहर को बिजली मिल सकी। जेई गजेंद्र ने बताया कि
कोहरे के कारण सप्लाई प्रभावित हो रही है।
उपकरणों के अभाव में पिट रही है सप्लाई
कायमगंज।
बिना सामान के जुगाड़ के भरोसे काम कर रहे बिजली कर्मियों में रोष है।
इनका कहना है कि विभाग द्वारा न तो ओसीबी की मरम्मत का कोई सामान उपलब्ध
कराया जा रहा है और न ट्रांसफार्मरों और खंबों का। खंबों पर लगे कई
इंसुलेटर और डिस्क पहले से खराब हैं।
इन्हें कोहरा होने से पहले ही बदलवाने
को कहा गया था। पर जेई और एसडीओ ने उनकी बातों पर गौर नहीं किया। उन्होंने
बताया कि यही कारण है कि सर्दी के मौसम में घना कोहरा पड़ने के कारण
इंसुलेटर बर्स्ट होने से सप्लाई प्रभावित हो रही है।