अलीगंज रोड पर रेलवे फाटक पर जाम में फंसी एंबुलेंस व लोग। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
कायमगंज। अलीगंज रोड के रेलवे फाटक पर सोमवार को भी जाम लगा। लोगों को घंटों दिक्कत हुई। एंबुलेंस भी जाम में फंसी रही। इलाकाई लोगों का कहना है कि यहां ओवरब्रिज न बनने से आए दिन जाम लगता है।
सोमवार को सुबह लगभग साढ़े दस बजे रेलवे फाटक बंद था। फाटक से लेकर ट्रांसपोर्ट चौराहे तक वाहनों की कतारें लग गईं। दूसरी तरफ रुटौल विद्युत उपकेंद्र तक वाहन खड़े थे। जब फाटक खुला तो बीच लाइन पर काफी देर तक एंबुलेंस व एक रोडवेज बस फंसी रही। जाम खुलने में करीब घंटे भर का वक्त लगा। इससे लोगों को काफी परेशानी हुई। बता दें कि कायमगंज से एटा, अलीगढ़, आगरा, दिल्ली जाने के लिए एक ही मार्ग है।
यह सड़क पुलगालिब तिराहे से ट्रांसपोर्ट चौराहे होता हुआ रेलवे फाटक पार कर एटा जिले से जुड़ा है। सीओ दफ्तर के निकट रेलवे फाटक है। सीजन में यहां गन्ने लदे वाहन भी चीनी मिल पहुंचते हैं। जब कभी रेलवे फाटक बंद हो तो वाहनों की लंबी कतार लग जाती है। इससे रेलवे फाटक से गुजरने में लोगों को घंटों समय लगता है। एटा रोड पर जाने के लिए कोई बाईपास भी नहीं है और न ही चीनी मिल जाने के लिए कोई दूसरी सड़क।