फर्रुखाबाद। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत नियुक्त डॉक्टर और कर्मचारी शुक्रवार को दूसरे दिन भी हड़ताल पर रहे। इससे राजेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। केंद्र में आधे से भी कम कर्मचारियों और डॉक्टरों से काम चलाया गया।
शुक्रवार को बाल रोग विशेषज्ञ एसपी सिंह बघेल और रजत कटियार सहित अन्य संविदा पर नियुक्त अधिकारी व कर्मचारी अनुपस्थित रहे। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी प्रमित राजपूत ओपीडी में मरीजों को देखते नजर आए। पर्चा काउंटर पर महिलाओं और पुरुषों की लंबी कतारें देखी गईं। प्रयोगशाला कक्ष में लैब टेक्नीशियन अवधेश मिश्रा और अभिषेक मौजूद थे, जबकि शरद और विवेक अनुपस्थित थे।
प्रभारी चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के संविदा कर्मचारी समय पर वेतन भुगतान सहित अपनी विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं। अवधेश मिश्रा ने जानकारी दी कि हड़ताल सुबह आठ बजे से दस बजे तक ही थी। उन्होंने बताया कि उनके विभाग में सभी प्रकार की जांचें की जा रही हैं। हड़ताल के बहाने से अधिकांश कर्मचारी उपस्थित नहीं रहे, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हुईं। आकस्मिक सेवाओं में हिमांशु राजपूत फार्मासिस्ट के साथ मौजूद रहे।