हथियापुर के पास सवारियों को पैसे बापस करता परिचालक। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। सड़क पर लहराकर बस चलाने पर यात्रियों ने हंगामा कर दिया। शोरगुल सुनकर हथियापुर के पास पुलिस ने बस को रुकवा लिया। यात्रियों ने चालक-परिचालक के नशे में होने की बात कही। दोनों की अवस्था सही न दिखने पर पुलिस ने रुपये वापस करवाकर दूसरी बस में सवारी शिफ्ट करवा दीं। पुलिस ने आरएम को सूचना दे दी। कुछ देर बाद पहुंचे स्टेशन इंचार्ज को बस नहीं मिली। पता चला कि स्टाफ बस लेकर चला गया। मोबाइल भी स्विच ऑफ है।
रविवार शाम करीब पांच बजे स्थानीय डिपो की एक बस दिल्ली के लिए रवाना हुई। चालक बस को लहराकर चला रहा था। यात्रियों ने कई बार सही से चलाने की बात कही, मगर कोई सुधार नहीं हुआ। परिचालक से कहा तो उसने भी यात्रियों से गालीगलौज कर दी। हथियापुर से कुछ पहले एक बार तो बस खाई में जाने से बची। इस पर यात्रियों ने हंगामा शुरू कर दिया।
हथियापुर गांव पर मऊदरवाजा थाने की पुलिस चेकिंग कर रही थी। रोडवेज बस में यात्रियों का हंगामा देख बस को रुकवा लिया। इस पर चालक बस से कूदकर भाग गया। यात्रियों ने चालक और परिचालक के शराब के नशे में होने का आरोप लगाया।
पुलिस ने जब बात की तो परिचालक की स्थिति खराब दिखी। इस पर सभी यात्रियों का किराया वापस करवाकर दूसरी बस में शिफ्ट करवाया गया। पुलिस ने चालक और परिचालक की शिकायत आरएम इटावा से की। पुलिस के हटते ही कुछ देर बाद पहुंचा चालक बस लेकर चला गया।
आरएम की सूचना पर डिपो के इंचार्ज गौरीशंकर दूसरे चालक को लेकर मौके पर पहुंचे, तो वहां बस नहीं मिली। इंचार्ज को पुलिस कर्मियों ने बताया कि चालक और परिचालक बस लेकर कायमगंज की ओर चले गए।
ड्राइवर बस लहराकर चला रहा था। डिपो इंचार्ज गौरीशंकर ने बताया कि दोनों के मोबाइल ऑफ हैं। बात नहीं हो पा रही है। वह कायमगंज की ओर जा रहे हैं। बस मिलने के बाद जांच कर रिपोर्ट आरएम को भेजी जाएगी।