फर्रुखाबाद। रेलवे प्रशासन कानपुर सेंट्रल-कानपुर पुल बायां किनारा के बीच पुल सं. 110 पर इंजीनियरिंग कार्य के लिए मेगा व पावर ब्लॉक लेगा। इसके लिए लखनऊ-कासगंज के बीच चल रही पैसेंजर ट्रेन दो अप्रैल से 14 मई तक लखनऊ से कानपुर अनवरगंज के बीच निरस्त रहेगी। कुछ ट्रेनों के मार्ग भी बदले गए हैं।
इज्जतनगर मंडल के वाणिज्य प्रबंधक संजीव शर्मा ने पत्र में कहा कि लखनऊ जंक्शन से दो अप्रैल से 14 मई तक चलने वाली 55345 नंबर की लखनऊ जंक्शन-कासगंज पैसेंजर ट्रेन लखनऊ जंक्शन के स्थान पर कानपुर अनवरगंज से चलाई जाएगी। यह गाड़ी लखनऊ जंक्शन से कानपुर अनवरगंज के मध्य निरस्त रहेगी। इसके अलावा कासगंज से एक अप्रैल से 13 मई तक चलने वाली 55346 कासगंज-लखनऊ जंक्शन पैसेंजर ट्रेन लखनऊ जंक्शन के स्थान पर कानपुर अनवरगंज में यात्रा समाप्त करेगी। यह गाड़ी कानपुर अनवरगंज और लखनऊ जंक्शन के बीच निरस्त रहेगी।
एक ट्रेन का बदला मार्ग
फर्रुखाबाद। आगरा फोर्ट से दो अप्रैल से 13 मई तक चलने वाली 12180 नंबर की आगरा फोर्ट-लखनऊ जंक्शन एक्सप्रेस परिवर्तित मार्ग मथुरा जंक्शन-कासगंज-शाहजहांपुर के रास्ते चलाई जाएगी। मार्ग परिवर्तन के फलस्वरूप यह गाड़ी यमुना ब्रिज, टूंडला, फिरोजाबाद, शिकोहाबाद, इटावा, भरथना, फफूंद, झींझक, रूरा, पनकी धाम, कानपुर सेंट्रल एवं उन्नाव स्टेशनों पर नहीं रुकेगी। लखनऊ जंक्शन से दो अप्रैल से 13 मई तक चलने वाली 12179 नंबर की लखनऊ जंक्शन-आगरा फोर्ट एक्सप्रेस निर्धारित मार्ग से चलेगी।