फर्रुखाबाद। रोडवेज बस अड्डा पर दिल्ली से आई कौशांबी डिपो की बस में सीट पर एक यात्री मृत अवस्था में पड़ा मिला। उसके पास दिल्ली से फर्रुखाबाद तक की टिकट व मोबाइल मिला। बैग में मिले आधार कार्ड से उसकी शिनाख्त फतेहगढ़ के इदरीश मोहम्मद के रूप में हुई।
बुधवार शाम करीब साढ़े छह बजे कौशांबी डिपो की बस के चालक नरेंद्र व परिचालक विवेक बस अड्डा पहुंचे। सवारियां उतरने के बाद परिचालक ने बस चेक की, तो पीछे की सीट पर एक यात्री पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची चौकी पुलिस ने उसे एंबुलेंस बुलाकर अस्पताल भेजा, वहां डॉक्टर मृत घोषित कर शव मॉर्चुरी में रखवा दिया। पुलिस को उसके पास दिल्ली से फर्रुखाबाद तक की टिकट और मोबाइल व रुपये मिले। एक लावारिस बैग में कपड़े व आधार कार्ड मिला। उस पर इदरीश मोहम्मद निवासी भूसामंडी फतेहगढ़ लिखा मिला।
कादरीगेट थानाध्यक्ष कपिल कुमार ने बताया कि उन्होंने आधार कार्ड की जांच कराई, तो फतेहगढ़ पुलिस ने परिवार के लोगों से बात करवा दी। बताया कि बस में मिला शव इदरीश का ही है। उसकी नाक और मुंह से हल्की खून आ रहा है। गर्मी में कोई नस फटने की आशंका है। बहरहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का सच सामने आएगा।