फर्रुखाबाद। शहर के पटेल पार्क में लगे नलकूप में बारिश का पानी घुस गया। इससे नलकूप की मोटर बंद हो गई। इससे छह मोहल्लों के 7500 घरों का पानी ठप हो गया है। इससे लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
शुक्रवार रात से हो रही मूसलाधार बारिश की वजह से पटेल पार्क जलमग्न हो गया। पार्क में खड़े बरगद के पेड़ के पास एक नलकूप बना है। अधिक जलभराव होने से बारिश का पानी बोरिंग में घुस गया। दोपहर बाद बारिश बंद होने पर जब नलकूप को चलाया गया, तो चलने के चंद मिनट बाद ही मोटर बंद हो गई। इस नलकूप से मोहल्ला नुनहाई, गधइया मोहल्ला, बड़ा खेल, अड़तियान स्ट्रीट, पल्ला पार्क रोड, रेलवे रोड में होने वाली जलापूर्ति ठप हो गई। इन मोहल्लों में करीब 7500 कनेक्शन हैं।
जलकल विभाग के जेई गौरव मिश्रा ने बताया कि बोरिंग में पानी जाने से मोटर बंद है। अब रविवार को मोटर निकलवाई जाएगी। लिहाजा पटेल पार्क नलकूप से जुड़े सभी मोहल्लों की पेयजलापूर्ति बाधित रहेगी।