शमसाबाद। पंचायत कराने गए किसान की हत्या कर शव खेत में फेंक दिया। मृतक के छोटे भाई वेदराम ने दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक, सीओ मोहम्मदाबाद, एसओ और डॉग स्क्वायड घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कायमगंज थाना क्षेत्र के गांव साहबगंज निवासी आशाराम (60) को रविवार सुबह करीब आठ बजे उनके रिश्तेदार झब्बूलाल निवासी भकुसा और वीरपाल निवासी दादूपुर घर से पंचायत करने की बात कहकर बुला ले गए थे। सोमवार सुबह आशाराम का भतीजा राजेंद्र किसी काम से दादपूर जा रहा था तो दादूपुर-केरी नगला के बीच में पड़ने वाले रूपराम के खेत में आशाराम का शव पड़ा मिला। राजेंद्र ने घर जाकर घटना की सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलने पर एएसपी रामभुवन चौरसिया, सीओ मोहम्मदाबाद लेखराज, एसओ कुलदीप दीक्षित समेत डॉग स्क्वायड की टीम घटनास्थल पर पहुंची। खोजी कुत्ता दादूपुर निवासी वीरपाल के मकान तक गया। परिजनों ने आरोप लगाया कि रुपये के लेनदेन में रिश्तेदार झब्बूलाल और वीरपाल ने आशाराम की हत्या की है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया।
मृतक के भाई वेदराम ने झब्बूलाल और वीरपाल के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। वेदराम ने आरोप लगाया कि भाई आशाराम की हत्या करने के बाद झब्बूलाल और वीरपाल ने उनकी जेब में रखे 50 हजार रुपये भी निकाल लिए। एएसपी आारबी चौरसिया ने बताया कि गला दबाकर आशाराम की हत्या किया जाना लग रहा है। सही स्थिति पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पता चलेगी। एसओ कुलदीप दीक्षित ने बताया कि झब्बूलाल और वीरपाल के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। झब्बूलाल को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, वीरपाल फरार है।