कंपिल(फर्रुखाबाद)। बंधक बनाकर एटीएम बूथ लाए गए युवक ने सोमवार को पुलिस को देखकर हल्ला मचाया तो पुलिस ने आरोपियों समेत युवक को भी हिरासत में ले लिया। पुलिस का कहना है कि लेन देन के मामले में गुड़गांव से युवक को पकड़कर लाया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
सोमवार को कसबा स्थित बैंक ऑफ इंडिया के पास लगे एटीएम से कार सवार कुछ युवक रुपये निकाल रहे थे। इस दौरान पुलिस को देख एक युवक ने बचाओ-बचाओ का शोर मचाना शुरू कर दिया। पुलिस मौके पर पहुंच गई। शोर मचाने वाले युवक ने अपना नाम मंटू सिंह निवासी प्रांत बिहार जिला गोपालगंज थाना भोरे गांव छपकुआ बताया। उसने बताया कि वह वर्तमान में गुड़गांव में रहकर प्राइवेट नौकरी कर रहा है।
उसी के साथ राजकुमार निवासी बिलाह थाना कंपिल, वंशनरायन निवासी बिलजपेन थाना कंधमा जिला बनारस, सतीश कुमार निवासी देवपुरा थाना खेड़ा राठौर जिला आगरा और रघुवीर निवासी जिजपुरा कोतवाली कायमगंज भी नौकरी करते हैं।
मंटू ने बताया कि यह लोग रविवार को उसे बहला-फुसलाकर कार से बिलाह ले आए और एक कमरे में बंद कर दिया। सोमवार को एटीएम से पैसे निकालने आया। पुलिस, मंटू समेत सभी लोगों को हिरासत में लेकर थाने लाई। पुलिस ने कार भी कब्जे में ले ली है।
हिरासत में बैठे राजकुमार ने बताया कि मंटू ने उसके साले वंशनरायन की नौकरी लगवाने के बहाने चार माह पहले उससे 2.70 लाख रुपये लिए थे। अब वह रुपये वापस नहीं कर रहा है। पैसों के लेन-देन को लेकर वह लोग मंटू को यहां लाए हैं। एसओ श्रीकांत यादव ने बताया कि मामला लेन-देन का है। पूछताछ की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।