फर्रुखाबाद। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारी शुरू हो गई है। मतपत्र लाने के लिए जिलाधिकारी ने टीम गठित कर दी है। दो दिसंबर को यह टीम दिल्ली रवाना होगी।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की अधिसूचना भले ही जारी नहीं हुई, लेकिन तैयारी तेज हो गई है। यूपी बोर्ड परीक्षा से पहले ही आयोग पंचायत चुनाव कराने की तैयारी में है।
दिल्ली से मतपत्र लाने के लिए जिलाधिकारी ने बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी राजेश त्रिपाठी की अध्यक्षता में 20 सदस्यीय टीम गठित कर दी है। इसमें चकबंदी अधिकारी व कर्मचारी शामिल किए गए हैं।
दिल्ली से 48 लाख 13 हजार 600 मतपत्र मंगाए जा रहे हैं। इसके लिए दो दिसंबर को जिले से टीम रवाना होगी। वर्ष 2015 में हुए पंचायत चुनाव से इस बार 12 प्रतिशत अधिक मतपत्र मंगाए जा रहे हैं।
इसमें जिला पंचायत सदस्य के 12 लाख 53 हजार 800, क्षेत्र पंचायत सदस्य के 12 लाख 58 हजार 600, ग्राम पंचायत सदस्य के 12 लाख 59 हजार 300 व प्रधान पद के 10 लाख 41 हजार 900 मतपत्र हैं। इन्हें कड़ी सुरक्षा में रखवाया जाएगा।