कायमगंज। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों तीन मजदूर समेत पांच लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया।
थाना कंपिल क्षेत्र के मोहल्ला मोहल्ला गंगाटोला निवासी छविराम (20), मोहल्ला मढ़ैया निवासी अखिलेश (28) व कसबे के कुलदीप (28) मजदूरी करते हैं।
रविवार को ये लोग तंबाकू तौलवाने के लिये ट्रैक्टर से रौकरी गांव जा रहे थे, तभी रौकरी के पास ट्रैक्टर पलट गया। जिसमें तीनों गभीर रूप से घायल हो गए।
आसपास के लोगों ने एंबुलेंस से तीनों घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। उधर, क्षेत्र के लखनपुर गांव निवासी ताराचंद्र की 14 वर्षीय पुत्री अन्नपूर्णा घर के बाहर खेल रही थी,
तभी किसी वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों ने उसे सीएचसी में भर्ती कराया। उधर, नगर के भूसा मंडी निवासी पूरन नगर में रिक्शा चलाकर गुजर बसर करता है।
रविवार सुबह वह बाईपास रोड मंडी के पास से गुजर रहा था, तभी पीछे आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गया और उसका रिक्शा भी क्षतिग्रस्त हो गया।
चालक ट्रक लेकर मौके से भाग गया। सूचना पर पहुंचे मंडी चौकी प्रभारी उदयवीर ने ट्रक को तलाश किया लेकिन उसका पता नहीं चला। घायल रिक्शा चालक को पुलिस ने एंबुलेंस से सीएचसी में भर्ती करवाया।