फर्रुखाबाद। मानव संपदा पोर्टल पर आगरा और फर्रुखाबाद में तैनात एक नाम की शिक्षिका का ‘पैन’ समान होने का मामला पकड़ा गया है। वित्त एवं लेखाधिकारी आगरा का पत्र आने के बाद वित्त एवं लेखाधिकारी फर्रुखाबाद की रिपोर्ट पर बीएसए ने नवाबगंज में तैनात शिक्षिका का वेतन रोक दिया है। खंड शिक्षा अधिकारी नवाबगंज को पूरे मामले की जांच करने के आदेश दिए हैं।
मानव संपदा पोर्टल पर शिक्षकों का विवरण अपलोड हुआ है। आगरा जिले के विकास खंड खंडौली के पूर्व माध्यमिक विद्यालय शेर खां में सुमन सहायक अध्यापिका हैं। इनका और फर्रुखाबाद जिले के नवाबगंज विकास खंड के प्राथमिक विद्यालय गनीपुर में तैनात शिक्षिका सुमन का ‘पैन’ समान है।
यह मामला पकड़े जाने पर वित्त एवं लेखाधिकारी आगरा का पत्र वित्त एवं लेखाधिकारी फर्रुखाबाद के लिए आया। उन्होंने प्रकरण संदिग्ध होने पर प्रशासनिक कार्रवाई के लिए बीएसए को रिपोर्ट दी। बीएसए ने प्राथमिक विद्यालय गनीपुर में तैनात शिक्षिका सुमन का वेतन रोक कर खंड शिक्षा अधिकारी नवाबगंज को जांच दी है। वित्त एवं लेखाधिकारी अजीत कुमार ने बताया कि शिक्षिका का वेतन रोक दिया गया है। बीएसए लालजी यादव ने बताया कि जांच के बाद मामला स्पष्ट होगा।