फर्रुखाबाद । जनपद के 12 गैंगस्टर के ऐसे आरोपी जिन्होंने अपराध के बलबूते पर अकूत संपत्ति अर्जित की है, अब यह सरकार के निशाने पर हैं। इनकी अवैध संपत्ति कुर्क की जाएगी। डीजीपी के आदेश पर एसपी ने सभी थानेदारों को 15 सितंबर तक कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं। पुलिस ने शातिर राममिस्टर की बाइक कुर्क कर लिया है। शातिर के गांव में मकान व खेतों को लेकर छानबीन शुरू है।
डीजीपी ने गैंगस्टर के आरोपियों जिन्होंने आपराधिक घटनाओं को अंजाम देकर संपत्ति अर्जित की है, उनको चिह्नित कर संपत्ति कुर्की के आदेश दिए हैं। एसपी डॉ. अनिल मिश्र ने थानेदारों को अपने क्षेत्र के शातिर अपराधियों की सूची बनाकर संपत्ति कुर्क करने को कहा है। फतेहगढ़ कोतवाली पुलिस ने टॉपटेन अपराधी राममिस्टर को
बुधवार को तमंचा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। कोतवाल जय प्रकाश पाल ने सरह चौकी इंचार्ज को राममिस्टर के गांव दुर्गूपुर जाकर उसके मकान व खेत का निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। एसपी ने बताया कि जिले के 12 अपराधी चिह्नित किए गए हैं। उनकी संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई की जा रही है। डीजीपी ने 15 सितंबर तक का समय निर्धारित किया है। सीओ से लेकर सभी थानेदार कार्रवाई करने में जुटे हैं।