फर्रुखाबाद। नगर पालिका परिषद क्षेत्र का कूड़ा उठाने वाले ट्रैक्टर-ट्राली से किराए पर सरिया और मौरंग ढोने के मामले में जिम्मेदार वाहन प्रभारी ने ईओ को कारण बताओ नोटिस का जवाब नहीं दिया। ईओ ने वाहन प्रभारी के वेतन आहरण पर रोक लगा दी है। कहा कि यदि तय समयसीमा में संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया, तो निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।
पालिका के वाहन प्रभारी की शह पर कूड़ा उठाने में लगाए गए वाहनों से किराए का काम भी किया जाता है। अमर उजाला ने 13 अगस्त के अंक में चिलसरा रोड पर सरिया और मौरंग ले जाते एक नगर पालिका के ट्रैक्टर-ट्राली की खबर प्रकाशित की थी। इसमें संबंधित वाहन प्रभारी ने ट्रैक्टर से सरिया कटरी धर्मपुर गौशाला में ले जाने की बात कही थी, जबकि ईओ की जांच में यह बात झूठी साबित हुई। ईओ ने उसी दिन बता दिया था कि वहां कोई निर्माण कार्य नहीं चल रहा। यही नहीं यदि चल भी रहा हो, तो नगर पालिका का वाहन माल नहीं ले जाएगा। ईओ रवेंद्र कुमार ने वाहन प्रभारी महेश कुमार को कारण बचाओ नोटिस जारी किया था। उन्होंने जब उसका जवाब नहीं दिया, तो वेतन के आहरण पर रोक लगा दी हैै।