अमृतपुर। फर्रुखाबाद-बदायूं मार्ग पर कुतलूूपुर गांव के पास एक पेड़ हाइटेंशन लाइन के ऊपर गिर गया। इससे आवागमन और बिजली उपकेंद्र बंद हो गया। इससे 70 गांवों की बिजली गुल हो गई। पेड़ काटकर करीब चार घंटे बाद आवागमन चालू किया जा सका। देर शाम बिजली आपूर्ति भी बहाल कर दी गई।
मुख्यमार्ग पर गांव कुतलूपुर के पास रविवार दोपहर 12 बजे अचानक एक पेड़ गिर गया। इससे हाईटेंशन लाइन टूट गई। बिजलीघर को भी बंद कर दिया गया। इससे क्षेत्र के 70 गांवों की आपूर्ति ठप हो गई। मार्ग पर आवागमन बंद होने से वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। चार घंटे के अथक प्रयास के बाद पेड़ को काट कर सड़क किनारे किया गया। तब यातायात तो शुरू हो गया, मगर बिजली लाइन की मरम्मत में शाम सात बज गए। देर शाम बिजली आपूर्ति बहाल होने पर लोगों ने राहत की सांस ली।