नगर से कुछ दूर गांव मऊरशीदाबाद के पास एक तंबाकू की बंद गोदाम पर कर अपवंचन के संदेह में जीएसटी की स्पेशल ब्रांच की टीम ने छापा मारा। वहां काफी भीड़ जमा हो गई। व्यापारी के आने में देरी होने पर टीम ने गोदाम का ताला तोड़ दिया। करीब एक घंटे बाद व्यापारी वहां पहुंचे तो टीम से ताला तोड़ने को लेकर नोकझोंक भी हो गई।
टीम ने स्टॉक रजिस्टर से माल का मिलान किया तो उसमें 29 टन माल का अंतर पाया गया। टीम के संयुक्त आयुक्त इटावा ने बताया कुछ प्रपत्र ले लिए गए हैं। व्यापारी को नोटिस देकर इटावा बुलाया जाएगा और विधिवत जांच के बाद जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी।
नगर के मोहल्ला गंगा दरवाजा लोकमन निवासी तंबाकू व्यापारी बृजेश गुप्ता की गांव मऊ रशीदाबाद के पास मेसर्स बलदेव प्रसाद, बद्री प्रसाद के नाम से फर्म है।
गुरुवार दोपहर को जीएसटी इटावा की स्पेशल टीम के संयुक्त आयुक्त हरिलाल प्रजापति, डिप्टी कमिश्नर रामशंकर टीम के साथ मऊरशीदाबाद स्थित बृजेश गुप्ता की गोदाम पर छापा मारने पहुंचे।
वहां गोदाम में ताले पड़े थे। टीम ने एक अन्य व्यापारी के जरिये बृजेश गुप्ता को सूचना दी। काफी देर तक जब वह वहां नहीं पहुंचे तो टीम ने गोदाम का ताला तोड़ दिया। करीब एक घंटे बाद तंबाकू व्यापारी बृृजेश भी वहां पहुंच गए।
उन्होंने ताला तोड़ने का विरोध किया, उन्होंने अपनी बीमारी का हवाला दिया। व्यापारी व टीम के बीच नोकझोंक भी हुई। टीम ने कहा उन्हें ताला तोड़ने का अधिकार है। बाद में टीम ने जांच शुरू की। गोदाम में हजारों बोरे तंबाकू बनी व अधबनी लगी थी। टीम ने माल का स्टॉक रजिस्टर से मिलान किया तो उससे मिलान नहीं हो सका।
स्टॉक रजिस्टर व वहां रखे माल में करीब 29 टन का फर्क पाया गया। टीम ने किसानों से खरीदे व बेचे गए माल का विवरण मांगा है। संयुक्त आयुक्त ने बताया कि व्यापारी को सभी कागजात लेकर इटावा जीएसटी कार्यालय में तलब किया गया है।
मामले की विधिवत जांच की जाएगी। फिलहाल पकड़े गए फर्क में करीब पांच लाख रुपये का जुर्माना बन रहा है। व्यापारी के अभिलेखों में और भी फर्क मिलने की आशंका जताई जा रही है। व्यापारी बृजेश गुप्ता ने बताया कि जीएसटी के अधिकारियों ने बिना सूचना दिए उनकी गोदाम का ताला तोड़ दिया।
स्टाक रजिस्टर व प्रपत्र अधिकारी ले गए हैं। वहां मिलान किया जाएगा। व्यापार मंडल कंछल गुट के जिला महामंत्री मनोज कौशल ने कहा कि ताले तोड़कर कार्रवाई करना गलत है। इसका विरोध किया जाएगा।
जानकारी होने पर वह मौके पर पहुंचे थे और अधिकारियों से बातचीत भी थी। व्यापार मंडल बंसल गुट के नेता उमेश गुप्ता ने बताया कि जीएसटी अधिकारी मनमाना रवैया अपनाकर ताले तोड़कर कार्रवाई कर रहे हैं। यह ठीक नहीं है। इसके विरोध में व्यापार मंडल सड़कों पर प्रदर्शन करेगा।
ग़ांव मऊ रशीदाबाद में तंबाकू गोदाम में जीएसटी टीम के छापे के बाद नगर के व्यापरियों में खलबली मची रही। व्यापारी तरह-तरह के कयास लगाते रहे, कुछ मंदी में व्यपारियों पर अधिकारियों के जुल्म की बात कर रहे तो कुछ एक दूसरे का मजाक बनाने में मस्त थे। करीब दो घंटे से अधिक समय तक टीम यहां डेरा डाले रही।
कुछ व्यापरियों को यह भी डर सता रहा था, कहीं उनके यहां न टीम पहुंच जाए, इसलिये अधिकांश व्यापारी टोह में लगे रहे। क़ायमगंज क्षेत्र तंबाकू के कारोबार के लिए प्रसिद्ध है। यहां करोड़ों का टर्न ओवर है। यहां छोटे से बड़े व्यापारी तक अधिकांश लोग इस कारोबार से जुड़े हैं।