फर्रुखाबाद। एसओ चकरनगर (इटावा) के खिलाफ कोर्ट ने एसपी को वेतन रोकने के साथ ही कुर्की चस्पा की कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं। जिला जज के आवास से चंदन के पेड़ चोरी के शक में चौकीदार से मारपीट में फर्जी शपथ पत्र एसओ ने लगाया था।
फतेहगढ़ स्जि जिला जज आवास से वर्ष 2018 में चंदन के पेड़ चोर काटकर ले गए थे। इस मामले में चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। मुकदमे की विवेचना तत्कालीन एसएसआई दीपक कुमार (वर्तमान में जनपद इटावा एसओ चकरनगर) कर रहे थे।
उन्होंने चौकीदार पंकज व एक अन्य कर्मचारी को पकड़ लिया। उनकी पिटाई कर दी थी। इस मामले में एसएसआई दीपक कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था। मुकदमे में पीड़ित चौकीदार का फर्जी शपथ पत्र लगाकर विवेचना में विवेचक ने फाइनल रिपोर्ट लगा दी थी। इस मामले को कोर्ट ने संज्ञान लेकर दीपक कुमार को तलब किया था।
लगातार अनुपस्थित होने के कारण कोर्ट ने गैर जमानतीय वारंट जारी कर दिए थे। सुनवाई कर रहे सीजेएम प्रवीण त्यागी ने इटावा के एसपी को चकरनगर एसओ दीपक कुमार का वेतन रोकने के आदेश दिए। कुर्की चस्पा की कार्रवाई कर एसओ को गिरफ्तार कोर्ट में पेश करने का भी आदेश दिया है। चौकीदार की ओर से वकील राहुल कुशवाह ने दलीले दी। मामले में सुनवाई के लिए 12 अगस्त की तारीख लगाई गई है।