फर्रुखाबाद। छह माह से बीमार चल रही महिला की अस्पताल में मौत हो गई। परिजनों ने ससुरालीजनों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव मानिकपुर निवासी सूरज ठाकुर की 18 दिसंबर 2020 को जनपद मैनपुरी थाना ऊंचाहार गांव नाई नगरिया निवासी निशा 25 वर्ष से शादी हुई थी। 15 जनवरी 2023 को निशा ने पुत्र सूर्यांश को जन्म दिया।
तभी से वह बीमार चल रही थी। ससुरालीजन उसका दिल्ली सहित कई स्थानों पर इलाज करा चुके थे। निशा कानपुर के एक नर्सिगहोम में भर्ती थी। वहां मंगलवार को 11 बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजन शव लेकर घर आ गए। पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी पर निशा का भाई कुलदीप, मां मुन्नी देवी, बहन ज्योति, इंद्रा, आरती, पिता वीरभान पोस्टमार्टम हाउस पहुचे। परिजनों ने निशा का एक वीडियो दिखाया। इसमें निशा इलाज के लिए कह रही है।
ससुरालीजन रुपये नहीं होने की बात कह रहे हैं। भाई कुलदीप ने ससुरालीजनों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया। कोतवाल अमर पाल सिंह ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई करने का भरोसा दिया।