एल-1 अस्पताल में खानपान ठेकेदार पर एफआईआर के आदेश
फर्रुखाबाद। कोरोना संक्रमित मरीजों के इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरौन को एल-1 फैसिलिटी अस्पताल बनाया गया है। शनिवार सुबह वहां कोरोना पॉजिटिव दो मरीज पहुंचे तो उन्हें चाय-नाश्ता तक नसीब नहीं हो सका। इसके बाद पहुंचे डीएम को इसकी जानकारी हुई। रसोई बंद देख उन्होंने सीएमओ को फटकार लगाते हुए ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर के आदेश दिए।
कोविड-19 एल-1 अस्पताल सीएचसी बरौन में शुक्रवार से कोरोना पॉजिटिव मरीज भर्ती होने लगे हैं। पहले दिन चार, जबकि शनिवार को दो मरीज भर्ती कराए गए। जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह ने सुबह अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्हें पता चला कि सुबह 8:30 बजे पहुंचे दो मरीजों को चाय-नाश्ता नहीं दिया गया। इस पर रसोईघर देखा जो बंद मिला। ठेकेदार के भी न मिलने से जिलाधिकारी ने सीएमओ डा. चंद्रशेखर को सभी काम छोड़कर ठेकेदार पर एफआईआर दर्ज कराकर उसकी कॉपी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
शेल्टर होम में भोजन की गुणवत्ता देखी
जिलाधिकारी ने शेल्टर होम फतेहगढ़ स्थित क्वारंटीन सेंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने यहां बने भोजन की गुणवत्ता का जायजा लिया। लोगों से भोजन व्यवस्था की जानकारी ली। रसोई में बेहतर सफाई, सैनिटाइजेशन कराने के साथ रसोइया की स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
एल-2 अस्पताल बनाने की तैयारी शुरू
फर्रुखाबाद। जनपद के एल-1 अस्पताल में छह मरीज भर्ती हो चुके हैं। बढ़ते संक्रमण को देखते हुए जनपद में एल-2 अस्पताल बनाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। शनिवार को मुख्य विकास अधिकारी डा.राजेंद्र पैंसिया ने डॉ.अनार सिंह मेडिकल कॉलेज के आईसीयू वार्ड का निरीक्षण किया। उन्होंने मेडिकल कालेज में एल-2 फैसिलिटी अस्पताल तैयार करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही आवास विकास स्थित सिटी अस्पताल के आईसीयू का भी निरीक्षण किया। जरूरत पड़ने पर इसमें गंभीर कोरोना संक्रमित मरीजों को रखा जाएगा।