नौ माह से गैरहाजिर डाक्टर पर कार्रवाई के आदेश
राजेपुर। जिलाधिकारी ने शनिवार को राजेपुर सीएचसी का निरीक्षण किया। वहां गंदगी व अव्यवस्थाएं देख चिकित्साधीक्षक को फटकार लगाई। नौ माह से गायब डाक्टर के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं गैरहाजिर चार डाक्टरों सहित 12 स्वास्थ्य कर्मियों का वेतन रोक दिया गया।
जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह को सीएचसी के निरीक्षण के दौरान गंदगी मिली। शौचालय भी कई दिनों से साफ नहीं किए गए थे। जर्जर भवन व कबाड़ देख उन्होंने चिकित्साधीक्षक की जमकर फटकार लगाई। ग्राम पंचायत से सीएचसी की सफाई कराने के साथ जर्जर भवन व कबाड़ की नीलामी के निर्देश दिए। उपस्थिति रजिस्टर देखा।
इसमें डा. तनीम साबिर 9 माह से गायब थे। इस पर डाक्टर के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए। इसके साथ ही सीएमओ से अब तक की गई कार्रवाई के संबंध में जवाब मांगा। कई दिनों से गायब रूबी का वेतन रोककर विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए।
वहीं कार्तिकेय सिंह, अरविंद कुमार, ज्योति सिंह, ममता सिंह, श्रद्धा राजपूत, पूनम मिश्रा स्टाफ नर्स, डा.कल्पना, डा.कृष्णकांत, डा.राज आर्यन, डा.प्रतिभा, डा.पुनीत पांडेय आरबीएसके टीम व काउंसलर अमित कुमार के चार दिन से अनुपस्थित रहने पर सभी का वेतन रोकने के निर्देश दिए। जच्चा बच्चा वार्ड में मौजूद रीना पत्नी मुखराम निवासी सथरा से भोजन की जानकारी ली।
उन्होंने विशेष सर्विलांस अभियान के तहत चल रहे प्रशिक्षण में आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से जानकारी ली। कहा कि खांसी, बुखार व सांस लेने में तकलीफ के लक्षणों वाले व्यक्तियों को चिह्नित कर सुपरवाइजर व एमओआईसी को व्हाट्सएप ग्रुप पर तत्काल सूचना दें। स्वास्थ्य केंद्र पर आए सैनिटाइजर व मास्क की गुणवत्ता देखी। फार्मासिस्ट बीके मिश्रा के अलावा अन्य स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे।