फर्रुखाबाद। मेजर एसडी सिंह मेडिकल कॉलेज क्वारंटीन सेंटर पर ठेके पर लगाए गए पांच कर्मचारियों को हटाने और 28 कर्मचारियों का तबादला करने का निकाय सफाई मजदूर संघ ने विरोध किया। पदाधिकारियों ने नगरपालिका अध्यक्ष और ईओ को ज्ञापन दिया। हटाए गए कर्मचारियों की दोबारा काम पर न रखने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी।
संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि मेजर कोरोना काल में मेजर एसडी सिंह मेडिकल कॉलेज में पांच सफाई कर्मचारियों को ठेका पर लगाया गया था। जिन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना क्वारंटीन सेंटर में सफाई कार्य किया।
अब उनको हटा कर बेरोजगार कर दिया गया है। वहीं, मोहल्लों में सफाई काम कर रहे कर्मचारियों में से 28 का तबादला अनुचित तरीके से किया गया। आरोप है कि एक व्यक्ति के किसी भी यूनियन में न होने के बावजूद उसने स्थानांतरण के नाम पर सफाई कर्मचारियों से पांच-पांच हजार रुपये की वसूली की।
अवैध वसूली करने वाले के खिलाफ कार्रवाई की जाए और जो तबादले किए गए हैं, उनको समाप्त किया गया। ज्ञापन देने के दौरान जिलाध्यक्ष दिलीप कुमार, नीरज कुमार, विनोद कुमार, धीरज, अनुपम कुमार मौजूद रहे।