कायमगंज। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की युवती की बरामदगी व उसे लेकर जाने वाले युवक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस काफी परेशान है। पुलिस ने युवक की गिरफ्तारी के लिए जनता से सहयोग मांगते हुए गांव व अन्य सार्वजनिक स्थानों पर उसके पोस्टर चस्पा करवाए हैं।
क्षेत्र के एक गांव की 22 वर्षीय युवती को उसके गांव का ही युवक 4 सितंबर को बहला कर अपने साथ ले गया था। इस मामले में पिता की तहरीर पर पुलिस ने उसके खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज किया था।
इस बीच संघ कार्यकर्ता व ग्रामीणों ने नगर में हाथ में पट्टिकाएं लेकर जुलूस निकालकर कोतवाली पुलिस पर युवक की गिरफ्तारी के लिए दबाव बनाया था। पुलिस ने उन्हें जल्द आरोपी युवक की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया था।
इसके बावजूद पुलिस अब तक गिरफ्तारी नहीं कर सकी है। अब पुलिस युवती की बरामदगी व युवक की गिरफ्तारी के लिए जनता से सहयोग मांग रही है। बुधवार को एसआई एमएल पिपिल ने गांव व अन्य सार्वजनिक स्थानों पर युवक व युवती के पोस्टर चस्पा कराकर उनकी गिरफ्तारी के लिए जनता से सहयोग मांगा।