नवाबगंज। तेज रफ्तार बाइकों की हुई आमने-सामने भिड़ंत में दावत खाने जा रहे युवक और किशोर घायल हो गया। घायलों को लोहिया अस्पताल से रेफर कर दिया गया। सैफई जाते समय युवक की मौत हो गई, जबकि किशोर का फिरोजाबाद के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
मोहम्मदाबाद मार्ग पर पुठरी-बराकेशव गांव के बीच बुधवार रात दो बाइकों की भिड़ंत हो गई। इसमें गांव धूरीहार निवासी रविकांत (35) और दूसरी बाइक सवार बराकेशव निवासी श्यामकरन का पुत्र शेखर (14) घायल हो गए। घायलों को बराकेशव के प्रधानपति शेर सिंह ने लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। हेलमेट न लगा होने से सिर और चेहरे पर गंभीर चोट होने पर दोनों को रेफर कर दिया गया। रविकांत को सैफई लाया जा रहा था, रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। किशोर का सैफई में सुधार न होने पर परिजन फिरोजाबाद ले गए। वहां उसकी हालत भी गंभीर बताई जा रही है।
परिजन रविकांत के शव को घर लेकर पहुंचे तो चीख-पुकार मच गई। मृतक के चचेरे भाई अभिजीत ने पुलिस को सूचना दी। उन्होंने बताया कि वह इकलौता बेटा था। रविकांत मोहम्मदाबाद दावत खाने जा रहे थे। पत्नी पूनम देवी, मां अर्चना देवी का रो-रो कर बुरा हाल है। मृतक के दो पुत्र दिव्यांश (7) और सूर्यांश (4) हैं।