परिषदीय विद्यालय महरूपुर सहजू का निरीक्षण करतीं सीडीओ।
- फोटो : FARRUKHABAD
पंजीकृत 212 बच्चों में 19 ही मौजूद मिले
फर्रुखाबाद। बढ़पुर ब्लॉक क्षेत्र के गांव महरूपुर सहजू स्थित प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय का सीडीओ ने सोमवार को निरीक्षण किया। दोनों विद्यालयों में पंजीकृत छात्र-छात्राओं के सापेक्ष उपस्थिति कम देख नाराजगी जताई।
मुख्य विकास अधिकारी एम.अरून्मोली ने प्राथमिक विद्यालय महरूपुर सहजू का निरीक्षण किया। यहां 212 छात्र-छात्राएं पंजीकृत बताए गए। उन्होंने कक्षों में जाकर देखा तो मात्र 19 बच्चे ही मौजूद मिले। 10 फीसदी से भी कम उपस्थिति पर उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जब व्यवस्थाएं अच्छी दी जा रही हैं तो बच्चों की उपस्थिति भी अच्छी होनी चाहिए।
स्कूल में कायाकल्प का कार्य पूरा मिला। इसी परिसर में स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापक ऋचा गंगवार बिना अवकाश स्वीकृति के गायब थीं, जबकि अनुदेशक अजित कुमार चिकित्सीय अवकाश पर थे।
सीडीओ ने सहायक अध्यापक के खिलाफ बीएसए को कार्रवाई के निर्देश दिए। कायाकल्प का काम देखा तो 14 मानकों के तहत दिव्यांग शौचालयों में रेलिंग नहीं मिली जबकि अन्य कार्य पूर्ण पाए गए। स्कूल में पंजीकृत 114 छात्र-छात्राओं में मात्र 21 ही उपस्थित पाए गए। इस पर बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने के साथ शिक्षा की गुणवत्ता और बेहतर करने के निर्देश दिए।