कायमगंज में खड़ीं प्राइवेट बसें।
- फोटो : FARRUKHABAD
एआरटीओ की चेकिंग से बस चालकों में हड़कंप
फर्रुखाबाद। दिल्ली-फर्रुखाबाद रूट पर चलने वाली बसों की धरपकड़ के लिए चेकिंग पर एआरटीओ के फैजबाग पहुंचने की सूचना पर चालकों में हड़कंप मच गया। एक दर्जन बसें कायमगंज से वापस होकर मेरापुर क्षेत्र में खड़ी हो गईं। एआरटीओ के मोहम्मदाबाद की ओर आने की जानकारी हुई तो बसें मेरापुर से हटाकर कायमगंज में खड़ी करा ली गईं। एक बस पकड़ में आने पर एआरटीओ ने चालान कर दिया।
फर्रुखाबाद-दिल्ली रूट पर 50 से अधिक प्राइवेट बसें प्रतिदिन फर्राटा भर रहीं हैं। इससे रोडवेज को लाखों रुपये का नुकसान हो रहा है। एआरटीओ शांतिभूषण पांडेय व एआरएम आरसी यादव ने रविवार को संयुक्त अभियान चलाकर चार बसें पकड़ी थीं। सोमवार सुबह एआरटीओ फैजबाग की तरफ चेकिंग के लिए पहुंचे।
इसकी भनक पर दिल्ली की ओर से आ रही 11-12 बसों के चालकों ने बसें वापस मेरापुर सराय अगहत ले जाकर खड़ी कर दीं। बसें मोहम्मदाबाद के रास्ते से फर्रुखाबाद लाने की योजना तैयार की गई। तभी जानकारी मिली की एआरटीओ मोहम्मदाबाद की ओर आ गए हैं।
इस पर चालकों ने बसें वहां से हटाकर कायमगंज क्षेत्र में खड़ी कर लीं। एआरटीओ के लौटने पर दस बजे के बाद बसें लेकर फर्रुखाबाद आए। एआरटीओ शांतिभूषण पांडेय ने बताया कि सड़क पर बसें नहीं मिलीं। एक बस का फिटनेस न होने से चालान किया। चेकिंग अभियान चलता रहेगा।