सराफ की दुकान से एक किलो चांदी चोरी
कमालगंज। क्षेत्र के गांव में स्थित सराफा दुकान से मंगलवार रात चोर लगभग एक किलो चांदी चुरा ले गए। सूचना पाकर पुलिस ने पहुंचकर जांच की।
नसरतपुर गांव के बाजार में जहानगंज थाना क्षेत्र के गांव गड़ाखेड़ा निवासी अनूप कुमार की सराफे की दुकान है।
अनूप रोज की तरह मंगलवार शाम को दुकान बंद कर घर चले गए थे। रात में किसी समय चोर दुकान के पीछे लगे शटर को एंगल से हटाकर अंदर घुस गए। चोरों ने गोलक की दराज को खोलकर 10 जोड़ी तोड़ियां व आधा किलो पुरानी चांदी पार कर दी। सुबह करीब छह बजे ग्रामीणों ने शटर टूटा देखा तो इसकी सूचना अनूप को दी।
दुकान पहुंचकर अनूप ने घटना की सूचना पुलिस को दी। हल्का प्रभारी दरोगा भभूति प्रसाद ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। अनूप ने बताया कि चोरों ने लकड़ी को जलाकर दराज खोली। इससे लगता है कि चोर वेल्डिंग मशीन के साथ आए थे।
चोरों ने पास में रखी तिजोरी को भी खोलने का प्रयास किया था। लगभग एक किलो चांदी चोरी हुई है। अनूप ने पुलिस को तहरीर दी। दरोगा ने बताया कि जांच में पता चला कि चोरी का प्रयास हुआ है। कुछ भी चोरी नहीं हुआ।